''16 राज्यों में ठगी, सैकड़ों फर्जी खाते...'', UP पुलिस ने साइबर गैंग के 2 शातिर दबोचे

punjabkesari.in Wednesday, Aug 12, 2026 - 11:20 AM (IST)

Chandauli News: उत्तर प्रदेश की चंदौली पुलिस ने देशव्यापी साइबर फ्रॉड सिंडिकेट का पर्दाफाश करते हुए एक बड़े गिरोह पर शिकंजा कसा है। अलीनगर थाना पुलिस और जिला साइबर सेल की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए 16 राज्यों के लोगों से करीब 29 लाख रुपए की ठगी करने वाले 2 शातिर ठगों को धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों में चंदौली का अमन शर्मा और बिहार के नवादा का नीतीश कुमार शामिल हैं।

मिली जानकारी के मुताबिक, पुलिस की जांच में सामने आया कि ये आरोपी फर्जी दस्तावेज और फर्जी आधार के जरिए अलग-अलग बैंकों में सैकड़ों म्यूल खाते खुलवाते थे। इन्हीं खातों के जरिए लोन, पार्ट-टाइम जॉब, पार्सल भुगतान और फर्जी निवेश के नाम पर देश भर के लोगों को चूना लगाया जा रहा था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में पासबुक, चेकबुक और डेबिट कार्ड बरामद कर दोनों को जेल भेज दिया है।

पूछताछ में आरोपियों ने साइबर ठगी के अपने पूरे मॉडल का खुलासा किया। गिरोह का एक सदस्य अमन शर्मा स्थानीय स्तर पर घूम-घूमकर भोले-भाले लोगों को झांसे में लेता था और उनके या खुद के नाम से फर्जी पते वाले आधार कार्ड तैयार करवाकर विभिन्न बैंकों में खाते खुलवाता था। खाता खुलते ही वह उनकी पासबुक, चेकबुक, डेबिट कार्ड और खाते से लिंक सिम कार्ड अपने कब्जे में ले लेता था।

ये भी पढ़ें:- बकरी चराने गई 14 साल की छात्रा से गैंगरे/प... POCSO एक्ट के तहत केस दर्ज, पुलिस की 3 टीमें तैनात

मामले का दूसरा मुख्य किरदार नीतीश कुमार इन सभी फर्जी खातों और बैंकिंग किट को अमन से लेता था और बिहार के नवादा निवासी अपने सरगना सोनू सिंह तक पहुंचाता था। पुलिस के मुताबिक, नवादा से ही इस पूरे देशव्यापी साइबर फ्रॉड नेटवर्क को ऑपरेट किया जा रहा था। फिलहाल पुलिस गिरोह के मुख्य सरगना और अन्य फरार सदस्यों की तलाश में जगह-जगह दबिश दे रही है।

पुलिसिया जांच में सामने आया कि यह गैंग लोगों को पर्सनल लोन, डिलीवरी पार्सल चार्ज, लुभावने फेसबुक विज्ञापन, पार्ट-टाइम जॉब और ऑनलाइन ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का लालच देकर ठगता था। जब आरोपियों के बरामद म्यूल बैंक खातों की जांच की गई, तो उसमें तमिलनाडु, गुजरात, पश्चिम बंगाल, कर्नाटक, तेलंगाना, राजस्थान, महाराष्ट्र और यूपी समेत कई राज्यों की NCRP (नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल) शिकायतों से जुड़ा लेनदेन मिला।

ये भी पढ़ें:- '2 बकरी और पानी की टंकी का लालच...', Lucknow में धर्मांतरण के खेल का ऐसे हुआ बड़ा खुलासा

मामले का खुलासा करते हुए चंदौली के पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने बताया कि अलीनगर और साइबर थाना पुलिस की मुस्तैदी से म्यूल अकाउंट्स का दुरुपयोग करने वाले इस गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। एसपी ने बताया कि गिरोह के मास्टरमाइंड सोनू सिंह और उसके बाकी साथियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं, जिन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static