ओम प्रकाश राजभर के बेटे को जान से मारने की धमकी, दफ्तर में तानी पिस्टल... CCTV में कैद वारदात
punjabkesari.in Friday, Aug 14, 2026 - 06:29 AM (IST)
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के हजरतगंज स्थित सुभासपा (सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी) के प्रदेश कार्यालय में दबंगई और गुंडागर्दी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां पार्टी कार्यालय में घुसकर गाली-गलौज करने, पिस्टल लहराकर जान से मारने की धमकी देने के आरोप में हजरतगंज थाने में केस दर्ज कराया गया है। यह शिकायत सुभासपा के प्रदेश कार्यालय प्रभारी धर्म प्रकाश चौधरी की तहरीर पर दर्ज की गई है।
तहरीर के मुताबिक, 12 अगस्त को राशिद अली नाम का शख्स पार्टी कार्यालय में दाखिल हुआ और आते ही बिना किसी वजह के अभद्रता करने लगा। जब वहां मौजूद कार्यकर्ताओं ने इसका विरोध किया, तो विवाद काफी बढ़ गया। आरोप है कि राशिद ने कार्यकर्ताओं के साथ हाथापाई की और जेब से पिस्टल निकालकर गोलियां चलाने की धमकी देने लगा।
इतना ही नहीं, आरोपी ने सुभासपा के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव और कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर के बेटे डॉ. अरविंद राजभर को भी जान से मारने की धमकी दी। कार्यालय में मौजूद कार्यकर्ताओं ने उसे पकड़ने की कोशिश की, लेकिन हंगामा बढ़ता देख वह मौके से फरार हो गया। आरोपी के दफ्तर से बाहर भागने की तस्वीरें सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई हैं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए हजरतगंज पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 352 और 351(3) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एसआई मनोज कुमार मिश्रा को सौंपी गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर आरोपी की तलाश में जुटी है।
वहीं, इस घटना के बाद राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया पर सीधा हमला बोलते हुए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा। राजभर का आरोप है कि कार्यालय में हमला करने की मंशा से घुसने वाला व्यक्ति सपा का कार्यकर्ता है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों को खंगाल रही है।

