रात की आग में छुपा था खून का राज… जब कातिल निकला अपना ही बेटा
punjabkesari.in Thursday, Feb 26, 2026 - 06:21 PM (IST)
इटावा ( अरवीन): जनपद के जसवंतनगर थाना क्षेत्र में संपत्ति विवाद ने रिश्तों को शर्मसार कर दिया। ग्राम निलोई में एक युवक ने खेत बेचने के विवाद में अपने ही पिता की हत्या कर दी। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, निलोई निवासी गजराज सिंह ने पुलिस को सूचना दी थी कि उसके पिता मुन्नालाल की किसी अज्ञात व्यक्ति ने हत्या कर दी है और शव को कमरे में जलाया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने जब आसपास के लोगों और रिश्तेदारों से पूछताछ की तो कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। जांच में पता चला कि गजराज बेरोजगार था और शराब का आदी था। उस पर कर्ज भी था, जिसे चुकाने के लिए वह खेत बेचना चाहता था, लेकिन उसके पिता इसका विरोध कर रहे थे। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि 25/26 जनवरी की रात विवाद के दौरान उसने डंडे से पिता की हत्या कर दी। बाद में साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को बिस्तर पर रखकर रजाई और बोरी डालकर आग लगा दी, ताकि घटना को हादसा या अज्ञात हत्या का रूप दिया जा सके। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।

