मेरठ नर्स हत्याकांड: अंजलि का शव गोद में लेकर स्कूटी पर बैठा हत्यारा, जमीन पर रगड़ते रहे पैर, बहन कर रही थी ड्राइव; 'कातिल' सूफियान गिरफ्तार

punjabkesari.in Tuesday, May 26, 2026 - 02:38 PM (IST)

मेरठ : मेरठ के चर्चित अंजलि शर्मा हत्याकांड में पुलिस ने फरार चल रहे मुख्य आरोपी सूफियान को गिरफ्तार कर लिया है। मेडिकल कॉलेज में संविदा नर्स के पद पर कार्यरत अंजलि की हत्या के बाद शव को अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड के बाहर छोड़ दिया गया था, जिससे पूरे शहर में सनसनी फैल गई थी। अब पुलिस जांच में इस हत्याकांड से जुड़े कई चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं।

इमरजेंसी के बाहर ई-रिक्शा में शव रखकर पुलिस को किया गुमराह 
पुलिस के अनुसार, 21 मई को अंजलि शर्मा को बहाने से लोहियानगर स्थित किराये के कमरे पर बुलाया गया था। यहां शादी को लेकर हुए विवाद के बाद मुख्य आरोपी सूफियान ने अपनी बहन साजिदा के साथ मिलकर कथित तौर पर रस्सी से गला घोंटकर अंजलि की हत्या कर दी। वारदात को छिपाने और पुलिस को गुमराह करने के लिए आरोपियों ने शव को ई-रिक्शा में रखकर मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी के बाहर छोड़ दिया, ताकि मामला आत्महत्या या सामान्य मौत जैसा दिखाई दे।

वार्ड बॉय ने की सबूत मिटाने में मदद 
पुलिस जांच में मेडिकल कॉलेज के वार्ड बॉय जबर सिंह की भूमिका भी सामने आई है। आरोप है कि उसने शव को अस्पताल तक पहुंचाने और सबूत मिटाने में आरोपियों की मदद की। पुलिस पहले ही साजिदा और जबर सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि अब मुख्य आरोपी सूफियान को भी गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

CCTV फुटेज देख कांपी सबकी रूह, शव को गोद में लेकर निकला आरोपी
इस हत्याकांड में सामने आए सीसीटीवी फुटेज ने मामले को और भी सनसनीखेज बना दिया है। मृतका के परिजनों द्वारा जुटाए गए वीडियो में दिखाई दे रहा है कि सूफियान, अंजलि के शव को गोद में उठाकर घर से बाहर लाता है, जबकि उसकी बहन साजिदा स्कूटी लेकर तैयार खड़ी रहती है। इसके बाद दोनों शव को स्कूटी पर लेकर निकलते हैं। वीडियो में अंजलि के पैर सड़क पर घिसटते दिखाई देते हैं, जिसे देखकर राह चलते लोग अनजाने में मदद करते हुए पैर स्कूटी के अंदर कर देते हैं।

पुलिस कर रही रहस्यमयी युवती की पहचान
परिजनों ने एक और सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंपा है, जो हत्या के लगभग 45 मिनट बाद का बताया जा रहा है। इस वीडियो में सूफियान एक अज्ञात युवती के साथ दोबारा अपने घर पहुंचता दिखाई दे रहा है। आरोप है कि दोनों ने घर के अंदर मौजूद अहम सबूतों को मिटाने की कोशिश की और बाद में फरार हो गए। पुलिस अब उस रहस्यमयी युवती की पहचान करने में जुटी है।

अंजलि के गले पर थे चोट के निशान 
अंजलि शर्मा जागृति विहार की रहने वाली थी और 21 मई को घर से ड्यूटी के लिए निकली थी, लेकिन अस्पताल नहीं पहुंची। बाद में वह मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी वार्ड में बेहोशी की हालत में मिली, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसके गले पर चोट के निशान पाए गए थे। सीसीटीवी जांच के दौरान हेलमेट पहने एक युवती शव छोड़कर भागती दिखाई दी, जिसकी पहचान बाद में साजिदा के रूप में हुई।

एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब तक की जांच में धर्मांतरण जैसा कोई मामला सामने नहीं आया है। पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे निजी संबंध और शादी को लेकर विवाद मुख्य वजह के रूप में सामने आया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Purnima Singh

Related News

static