हैंडपंप से पानी भर रही मां को लगा करंट, बचाने दौड़ी जवान बेटी की भी तड़पकर मौ/त... एक साथ उठीं 2 अर्थियां
punjabkesari.in Tuesday, Jun 30, 2026 - 11:39 AM (IST)
Ballia News: बलिया जिले के सिकंदरपुर थाना क्षेत्र में करंट लगने से एक महिला और उसकी बेटी की मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार थाना क्षेत्र के डूहा बिहरा गांव में राकेश सिंह की पत्नी बीना सिंह (45) सोमवार की शाम घर के पास लगे हैंडपंप से पानी भर रही थीं, इसी दौरान हैंडपंप में करंट उतर आया और बीना सिंह उसकी चपेट में आ गईं और झुलस गई।
पुलिस ने बताया कि मां को करंट से तड़पता देख उनकी पुत्री काजल (20) उन्हें बचाने के लिए दौड़ी और वह भी करंट की चपेट में आ गई। उसने बताया कि यह देखकर छोटी बेटी सुमन ने शोर मचाया जिससे आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह दोनों को करंट से अलग कर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सिकंदरपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। सिकंदरपुर थाना प्रभारी मूल चंद्र चौरसिया ने बताया कि मृतक के परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया है।

