रिश्तों का कत्ल: प्रेम प्रसंग से नाराज भाई ने उठाया खौफनाक कदम, बहन की गला दबाकर की हत्या

punjabkesari.in Saturday, Jun 13, 2026 - 08:30 PM (IST)

बांदा: जिले में थाने के भीतर एक व्यक्ति द्वारा कथित झूठी शान के नाम पर बेटी की हत्या किये जाने के एक दिन बाद शनिवार को फतेहपुर जिले से एक युवक ने प्रेम प्रसंग के मामले में अपनी बहन की कथित तौर पर गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। यहां प्रेम प्रसंग के चलते शुक्रवार देर शाम एक युवक गला दबाकर हत्या करने के बाद अपनी बहन के शव को कुएं में फेंककर शनिवार सुबह पुलिस चौकी पहुंच गया और उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

आरोपी भाई गिरफ्तार 
पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया है। फतेहपुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि थरियांव थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह संदीप यादव (22) हसवा पुलिस चौकी पहुंचा और पुलिस को बताया कि उसने शुक्रवार देर शाम अपनी बहन रंजू (20) की गला दबाकर हत्या कर दी है और उसके शव को कुएं में फेंक दिया है। उन्होंने बताया कि युवक की निशानदेही पर पुलिस मौके पर पहुंची और दमकल कर्मियों की मदद से युवती का शव कुएं से बाहर निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।

प्रेमी के साथ भाग गयी थी बहन 
एसपी ने बताया कि पुलिस की पूछताछ में संदीप ने बताया कि डेढ़ माह पहले बहन की शादी राधानगर थाना क्षेत्र के एक गांव में की गई थी, लेकिन चौथी की रस्म में ससुराल से लौटी बहन दूसरे समुदाय के अपने प्रेमी के साथ भाग गयी और तीन दिन बाद वापस घर लौटी थी तो समझा-बुझाकर फिर ससुराल भेज दिया , लेकिन वह वहां भी अपने प्रेमी के साथ रहने की जिद करती रही।

प्रेम प्रसंग को लेकर हुआ था विवाद 
उन्होंने बताया कि संदीप ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार को वह बहन को ससुराल से गांव लेकर जा रहा था, तभी प्रेम प्रसंग को लेकर रास्ते में दोनों के बीच विवाद हुआ और उसने गला दबाकर बहन की हत्या करने के बाद उसका शव कुएं में फेंक दिया। 

शव कुएं से बरामद 
मांगलिक ने बताया कि संदीप यादव के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। शुक्रवार को बांदा जिले के बदौसा थाने के भीतर परामर्श सत्र के दौरान एक व्यक्ति ने चाकू से हमला कर दलित बिरादरी के युवक से भागकर शादी करने वाली अपनी बेटी की हत्या कर दी थी। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News

static