बेटी की हत्या कर खेत में गाड़ा, मां की गुहार पर 1 महीने बाद कब्र से निकाला गया मासूम का शव...आरोपी पिता और दादा गिरफ्तार

punjabkesari.in Thursday, Jun 04, 2026 - 12:22 PM (IST)

Shahjahanpur News: शाहजहांपुर जिले में 4 साल की सौतेली बेटी की कथित रूप से पीट-पीट कर हत्या के मामले में पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मुकदमा दर्ज करके आरोपी पिता समेत 2 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक एक माह पूर्व दफनाया गया बच्ची का शव गुरुवार को निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

तलाकशुदा महिला से शादी और मासूम बेटी पर कसाई पिता का कहर
पुलिस अधीक्षक (एसपी) सौरभ दीक्षित ने  एक न्यूज एजेंसी को बताया कि रामचंद्र मिशन थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने उनसे मिलकर शिकायत की थी कि 10 साल पहले अपने पूर्व पति से तलाक के बाद उसने 4 माह पहले अखिलेश नामक व्यक्ति से शादी की थी। उन्होंने बताया कि उसके बाद से उसका पति अखिलेश पहले पति से हुई उसकी 4 साल की बेटी प्रिया को बहुत मारता-पीटता था।

पीट-पीटकर हत्या, देह व्यापार का दबाव और खेत में शव दफन
दीक्षित ने बताया कि महिला का यह भी आरोप है कि अखिलेश उस पर दूसरे मर्दों से संबंध बनाने का दबाव भी डालता था। उन्होंने बताया कि महिला ने शिकायत में कहा है कि उसके पति अखिलेश ने गत 4 मई को उसकी बेटी प्रिया को इतना पीटा कि उसकी मौत हो गई और इलाज करने के बहाने वह बच्ची को कार में डालकर कांट थाना क्षेत्र में ले गया जहां अपने खेत में उसके शव को दफन कर दिया। दीक्षित ने बताया कि महिला का कहना था कि गत 30 मई को वह शिकायत लेकर थाने गई थी लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर वह उनके पास आई थी।

कब्र से निकाली गई लाश, आरोपी पिता और दादा गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल पुलिस टीम से पूरे मामले की जांच कराई और उसकी रिपोर्ट पर महिला की ओर से पति अखिलेश समेत 9 लोगों के विरुद्ध बुधवार की रात रिपोर्ट दर्ज की गई। दीक्षित ने बताया कि मामले में अखिलेश तथा उसके पिता सुरेंद्र को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि दफनाई गई बच्ची का शव निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static