शुभेंदु अधिकारी के सहयोगी मर्डर कांड में नया अपडेट, तीसरा आरोपी बलिया से गिरफ्तार

punjabkesari.in Thursday, Jun 04, 2026 - 05:57 PM (IST)

बलिया: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के सहयोगी चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने एक अन्य आरोपी को बलिया में गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। बांसडीह के थाना प्रभारी वंश बहादुर सिंह ने बृहस्पतिवार को बताया कि चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में सीबीआई ने बुधवार को बांसडीह रोड थानाक्षेत्र के बासुदेवपुर गांव के गोलू सिंह उर्फ टाइगर को गिरफ्तार किया है। 

आरोपी को सीबीआई की रिमांड पर अदालत ने भेजा 
उन्होंने बताया कि बलिया की मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अदालत ने गोलू सिंह को दो दिनों के लिए ट्रांजिट रिमांड पर सीबीआई को सुपुर्द कर दिया है। अधिकारियों के मुताबिक सीबीआई ने इस मामले में बलिया से अब तक तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि इससे पहले नवीन कुमार सिंह और राजकुमार सिंह की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि राजकुमार के करीबी ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने बलिया की एक अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया है।

सीबीआई ने अदालत से मांगी थी ट्रांजिट रिमांड 
गोलू सिंह के अधिवक्ता हरिवंश सिंह ने बताया कि सीबीआई ने उनके मुवक्किल को बृहस्पतिवार को स्थानीय मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी शैलेश कुमार पांडे की अदालत में पेश करके उसे तीन दिन के लिए ट्रांजिट रिमांड पर देने की अर्जी दाखिल की। उन्होंने बताया कि अदालत ने सीबीआई की अर्जी पर विचार करने के बाद गोलू को दो दिन के लिए कोलकाता ले जाने के लिए ट्रांजिट रिमांड की अनुमति दे दी है।

गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की पश्चिम बंगाल में पिछली छह मई को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। सीबीआई इस मामले की जांच कर रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News

static