शराब की महफिल बनी मौ'त का कारण... नशे में दोस्त की ही ले ली जान, खूनी वारदात के आरोपी को पुलिस ने दबोचा

punjabkesari.in Monday, Jul 27, 2026 - 12:58 PM (IST)

जालौन : उत्तर प्रदेश के जालौन जिले के उरई कोतवाली क्षेत्र में शराब पीने के दौरान हुए विवाद में एक व्यक्ति की मौत के मामले में पुलिस ने त्वरित कारर्वाई करते हुए मुख्य आरोपी को हिरासत में ले लिया है। पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर राजीव कुमार शर्मा ने सोमवार को बताया कि ग्राम भदेख, थाना कुठौंद, जनपद जालौन निवासी तथा वर्तमान में मध्य प्रदेश के भिंड जिले के गोरमी कस्बे में रहने वाले राजेश कुमार श्रीवास्तव की तहरीर पर कोतवाली उरई में मुकदमा अपराध संख्या 437/2026, धारा 105 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है। 

तहरीर के अनुसार, आरोपी प्रशांत विश्वास ने वादी के छोटे भाई गुड्डू उफर् अरुण कुमार (52) के सिर पर लकड़ी की फट्टी से हमला कर दिया था। गंभीर रूप से घायल अरुण कुमार की 26 जुलाई को मेडिकल कॉलेज झांसी में उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। उन्होंने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दो पुलिस टीमों का गठन किया गया। कोतवाली उरई पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉडर् (सीडीआर) तथा अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दबिश देकर आरोपी प्रशांत विश्वास पुत्र नारायण विश्वास, निवासी ग्राम टैगराखल, थाना हसखाली, जिला नदिया (पश्चिम बंगाल) को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। 

प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि मृतक और आरोपी चुर्खी बाईपास स्थित नया पटेल नगर में किराये के मकान में साथ रहते थे और शटरिंग का कार्य करते थे। 24 और 25 जुलाई की रात दोनों शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जिसके बाद आरोपी ने आवेश में आकर लकड़ी की फट्टी से अरुण कुमार के सिर पर वार कर दिया। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Purnima Singh

Related News

static