सरकारी दफ्तर या कत्लगाह? मामूली कहासुनी और फिर सीधा सीने में उतार दी गोली! CCTV में कैद वकील की लाइव मौत

punjabkesari.in Friday, Feb 13, 2026 - 07:08 AM (IST)

Rampur News: उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले से एक ऐसी सनसनीखेज वारदात सामने आई है जिसने कानून और सुरक्षा के दावों की धज्जियां उड़ा दी हैं। बीते बुधवार को जिला पंचायत कार्यालय के भीतर एक अधिवक्ता (वकील) की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई। अब इस खौफनाक मंजर का CCTV वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर किसी के भी रोंगटे खड़े हो जाएं।

पत्नी से मिलने पहुंचे थे वकील, दफ्तर बना कत्लगाह
मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान अधिवक्ता फारूख के रूप में हुई है। फारूख की पत्नी जिला पंचायत कार्यालय में ही कार्यरत हैं। बुधवार को फारूख अपनी पत्नी से मिलने दफ्तर पहुंचे थे। लेकिन उन्हें क्या पता था कि जिस सरकारी दफ्तर में उनकी पत्नी काम करती हैं, वही उनकी मौत की जगह बन जाएगा।

 

मामूली कहासुनी और फिर तड़तड़ाई गोली
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस जांच के अनुसार, कार्यालय में काम करने वाले असगर अली नाम के शख्स से फारूख की किसी बात को लेकर बहस हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। गुस्से में पागल आरोपी असगर अली ने आपा खो दिया और अपनी गन निकालकर फारूख पर सीधा फायर झोंक दिया। गोली लगते ही दफ्तर में चीख-पुकार मच गई और चारों तरफ अफरातफरी का माहौल पैदा हो गया।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही थम गईं सांसें
गोली लगने से लहूलुहान फारूख को आनन-फानन में जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन जख्म इतने गहरे थे कि उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वकील की हत्या की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में आक्रोशित अधिवक्ता अस्पताल परिसर में जमा हो गए।

प्रशासनिक कर्मचारियों में हड़कंप
वारदात की गंभीरता को देखते हुए रामपुर के जिलाधिकारी (DM) और पुलिस अधीक्षक (SP) भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वायरल हो रहे सीसीटीवी फुटेज ने आरोपी की करतूत को पूरी दुनिया के सामने ला दिया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static