जिसने दी लूट की सूचना, वही निकला मास्टरमाइंड! कुशीनगर लूट कांड का वो सच, जिसने पुलिस को भी चकरा दिया

punjabkesari.in Thursday, Jul 09, 2026 - 09:10 AM (IST)

Kushinagar News: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में चौरा खास थाना क्षेत्र में सीमेंट व्यवसायी के कलेक्शन एजेंट से हुई लूट की घटना का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। मामले में चौंकाने वाला खुलासा तब हुआ जब लूट की सूचना देने वाला कलेक्शन एजेंट विपिन तुरहा ही घटना का मुख्य साजिशकर्ता निकला। पुलिस ने साजिशकर्ता समेत घटना में शामिल सभी 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 2 मोटरसाइकिलें तथा लूट की 1.40 लाख रुपए की नकदी बरामद की गई है। पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने मामले का खुलासा करने वाली टीम को 25 हजार रुपए का पुरस्कार देने की घोषणा की है। पुलिस के अनुसार, 6 जुलाई की शाम करीब 5:35 बजे सूचना मिली थी कि थाना चौरा खास क्षेत्र के बाढ़ू चौराहा के पास कुछ लोगों ने 2 युवकों के साथ मारपीट कर उनसे डेढ़ लाख रुपए और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन लूट लिया है। सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच के बाद मुकदमा दर्ज कर लिया गया।

ये भी पढ़ें:- COVID ड्यूटी का मतलब सिर्फ अस्पताल नहीं!' हाईकोर्ट का UP सरकार को झटका, शहीद पुलिसकर्मी की विधवा को 8 हफ्ते में दें ₹50 लाख

पुलिस लाइन सभागार में बुधवार को पत्रकारों से बातचीत में एसपी केशव कुमार ने बताया कि बिहार के गोपालगंज जिले के कटेया बाजार निवासी सीमेंट कारोबारी अंशु लोहिया के यहां कार्यरत विपिन तुरहा और अमन चौबे सोमवार को बकाया वसूली के लिए फाजिलनगर आए थे। वापस लौटते समय कटेया बाजार के पास सुनसान इलाके में 2 मोटरसाइकिलों पर सवार 4 युवकों ने उन्हें रोक लिया, अमन की पिटाई की और रुपयों से भरा बैग लेकर फरार हो गए। घटना के खुलासे के लिए स्वाट, सर्विलांस और स्थानीय पुलिस की 4 टीमें गठित की गईं। घटनास्थल के निरीक्षण, सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच के दौरान सूचना देने वाले विपिन के बयान में विरोधाभास सामने आया। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने पूरी साजिश का खुलासा कर दिया।

ये भी पढ़ें:- 'बचाओ! मेरा अपहरण हो गया...' UP में 12 साल के बच्चे ने बीच सड़क मचाया गदर, सच जानकर पुलिस के उड़ गए होश

पूछताछ में विपिन ने बताया कि करीब एक सप्ताह पहले सहकर्मी अमन चौबे से उसका विवाद हो गया था। उसे सबक सिखाने के उद्देश्य से उसने अपने रिश्तेदार वीरेंद्र शाह उफर् जगुआर के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई। योजना के तहत घटना वाले दिन उसने फाजिलनगर से लौटते समय अपने रिश्तेदार को फोन कर लोकेशन दी और कहा कि अमन को अच्छी तरह सबक सिखाना है। साथ ही कलेक्शन की रकम भी आसानी से मिल जाएगी, जिसे दोनों आपस में बांट लेंगे। योजना के अनुसार पुरैना-कटेया मार्ग पर वीरेंद्र अपने 3 साथियों के साथ 2 मोटरसाइकिलों पर पहुंचा। आरोपियों ने दोनों को रोककर अमन की जमकर पिटाई की और नकदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए। पुलिस ने इस मामले में अफजल अंसारी, नीरज यादव निवासी रघुनंदनपुर मंगल टोला, शहनवाज अंसारी निवासी भानपुर थाना चौरा खास तथा वीरेंद्र कुमार शाह उफर् जगुआर निवासी दुहौना थाना कटेया, जिला गोपालगंज (बिहार) को गिरफ्तार कर लिया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static