UP के इस जिले में दुल्हन की विदाई बनी चर्चा का विषय, समारोह में पहुंचे 12 बुलडोजर...सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

punjabkesari.in Saturday, Feb 22, 2025 - 01:23 PM (IST)

Jhansi News: उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में एक अनोखी शादी देखने को मिली, जिसमें दुल्हन की विदाई को खास बनाने के लिए बुलडोजरों का इस्तेमाल किया गया। अब तक आपने दुल्हन की विदाई हैलीकॉप्टर, लग्जरी कारों या बैलगाड़ियों से होते हुए देखी होगी, लेकिन झांसी में हुई इस विदाई में एक-दो नहीं, बल्कि एक दर्जन बुलडोजर शामिल हुए, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए।

कैसे हुई यह अनोखी विदाई?
मिली जानकारी के मुताबिक, यह घटना जनपद झांसी के रक्सा थाना क्षेत्र के आजाद नगर की है। यहां के निवासी मुन्नीलाल यादव के 3 बेटे हैं। सबसे छोटे बेटे राहुल यादव की शादी 20 फरवरी को झांसी की करिश्मा के साथ हुई। शादी के बाद राहुल की विदाई को और भी खास बनाने के लिए अचानक दर्जनभर बुलडोजर समारोह स्थल पर पहुंचे। जब लोगों ने देखा कि ये बुलडोजर किसी काम के लिए नहीं, बल्कि दुल्हन की विदाई के लिए आए हैं, तो सब हैरान रह गए।

लोगों का ध्यान आकर्षित करने वाली विदाई
जैसे ही दुल्हन की विदाई का काफिला सड़क पर निकला, तो यह दृश्य लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया। लोग दुल्हन की बुलडोजर वाली विदाई को देखने के लिए उमड़ पड़े। इस खास विदाई को देख लोग इसे 'बुलडोजर वाली शादी' कहने लगे।

दूल्हे के चाचा ने बताया खास कारण
दूल्हे के चाचा रामकुमार ने कहा कि यूपी में बाबाजी का बुलडोजर बहुत प्रसिद्ध है और हमारे पास भी कई बुलडोजर हैं। इसलिए हमने इस शादी को यादगार बनाने के लिए बुलडोजर से विदाई कराई।

दूल्हा और दुल्हन की प्रतिक्रिया
दूल्हा राहुल ने बताया कि सभी को यह बहुत अच्छा लगा, लोगों ने इसे अच्छा बताया, इसलिए हमने बुलडोजर को विदाई में शामिल किया।" वहीं, दुल्हन करिश्मा ने कहा कि उसे बहुत अच्छा लगा कि उसकी विदाई में बुलडोजर शामिल हुए, और यह उसके लिए एक खास अनुभव था। यह अनोखी विदाई अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है, और लोग इस शादी की चर्चा कर रहे हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static