बदायूं में बड़ा हादसा: मेंथा टैंक में एक-दूसरे को बचाने उतरे 3 भाई, जहरीली गैस ने 2 की ली जान... तीसरा गंभीर

punjabkesari.in Saturday, Jun 06, 2026 - 07:36 AM (IST)

Badaun News: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के एक गांव में शुक्रवार सुबह मेंथा के टैंक की सफाई करते समय जहरीली गैस की चपेट में आने से 2 भाइयों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि उन्हें बचाने के लिए टैंक में उतरे एक अन्य भाई की हालत गंभीर है और उसका मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस के मुताबिक, यह घटना बिसौली तहसील के फैजगंज बेहटा थानाक्षेत्र के गांव में हुई। पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान जयवीर और राजेश के रूप में हुई है, जिनकी उम्र क्रमशः 24 और 21 वर्ष थी। दोनों भाई थे।

मेंथा टैंक की सफाई करने उतरे थे 3 सगे भाई
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) हृदयेश कुमार कठेरिया ने बताया कि किसान बट्टू सिंह अपने बेटों जयवीर, राजेश और मनवीर के साथ मेंथा के पौधे के टैंक की सफाई करने खेत में गए थे। उन्होंने बताया कि सबसे पहले जयवीर टंकी में उतरा, उसके बाद राजेश और फिर मनवीर। तीनों टंकी के अंदर ही बेहोश हो गए। बट्टू सिंह के शोर मचाने पर ग्रामीण इकट्ठा हुए और तीनों भाइयों को बाहर निकालने में कामयाब रहे।

अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने 2 भाइयों को घोषित किया मृत
अधिकारी ने बताया कि उन्हें चंदौसी के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जयवीर और राजेश को मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि मनवीर को गंभीर हालत में मुरादाबाद के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया टंकी के अंदर जमा हुई जहरीली गैस के कारण उनकी मौत होने का संदेह है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static