Etah: कोतवाली के बाहर धरना दे रहे किसानों पर हमले के आरोप में BJP जिलाध्यक्ष समेत 150 पर मुकदमा

punjabkesari.in Tuesday, Sep 27, 2022 - 09:33 PM (IST)

एटा: उत्तर प्रदेश के एटा से सटे कासगंज जिले में कथित रूप से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से जुड़े एक ग्राम प्रधान के जरिए रिश्वत लेने के आरोपी दारोगा के खिलाफ सदर कोतवाली में धरना दे रहे भारतीय किसान यूनियन और भाजपा के कार्यकर्ताओं के बीच खूनी संघर्ष हो गया। इस मामले में भाजपा जिलाध्यक्ष समेत 150 लोगों के खिलाफ मंगलवार को मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस मामले को लेकर काफी देर तक बवाल मचा रहा ओर इस दौरान किसानों ने कासगंज कोतवाली का घेराव किया। पुलिस उपमहानिरीक्षक दीपक कुमार ने बताया कि किसानों का आरोप है कि कासगंज सदर कोतवाली में तैनात भूदेव नामक एक दारोगा ने कुछ दिन पहले एक ग्राम प्रधान के माध्यम से एक किसान से रिश्वत ली थी। कुमार ने बताया कि इसकी जांच की जा रही है और इसी मुद्दे को लेकर भारतीय किसान यूनियन (स्वराज) के कार्यकर्ता कोतवाली के सामने धरना प्रदर्शन कर रहे थे, वहीं इसमें कुछ बाहरी लोग थाने पर आए तो उनके तथा किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गयी। उन्होंने कहा कि इस मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है और घटना की जांच की जा रही है। इसमें जो भी लोग शामिल होंगे उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। किसी को भी माहौल खराब करने की इजाजत नहीं दी जाएगी। आरोप है कि वह ग्राम प्रधान भाजपा से जुड़ा है।

इस मामले में मंगलवार को दर्ज रिपोर्ट के मुताबिक भारतीय किसान यूनियन (स्वराज) के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलदीप पांडे और कई किसान सोमवार रात करीब 10 बजे कासगंज कोतवाली पर धरने पर बैठे थे तभी भाजपा जिला अध्यक्ष के. पी. सिंह सोलंकी और स्थानीय नेता डी. एस. लोधी सहित दर्जनभर भाजपा कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन कर रहे किसानों पर हमला कर दिया जिससे पांडे समेत कई किसानों को गंभीर चोटें आई हैं। इस मामले में भाजपा जिला अध्यक्ष के. पी. सिंह सोलंकी और डी. एस. लोधी समेत 150 लोगों के खिलाफ बलवा, उपद्रव, हमला और लूट करने तथा चोट पहुंचाने के आरोपों में मुकदमा दर्ज किया है। भारतीय किसान यूनियन (स्वराज) के युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तरुण शर्मा ने बताया कि संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पांडे गंभीर रूप से घायल हैं और उनका उपचार किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि अगर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ समुचित कार्यवाही नहीं की तो यूनियन कार्यकर्ता कासगंज में एक बड़ी पंचायत कर भविष्य की रणनीति तय करेंगे। शर्मा ने बताया कि इस मामले को लेकर यूनियन अध्यक्ष कुलदीप पांडे ने संगठन के वरिष्ठ नेताओं से कासगंज आने की अपील की है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Mamta Yadav

Recommended News

Related News

static