UP के इस जिले में 4 दुकानों की छत गिरने से हुआ बड़ा हादसा, 2 लोगों की मौत और 7 अन्य गंभीर घायल
punjabkesari.in Sunday, Apr 06, 2025 - 09:43 AM (IST)

Agra News: उत्तर प्रदेश में आगरा विकास सेक्टर-7 में शनिवार को 4 दुकानों की छत भरभरा कर गिर जाने से 2 लोगों की मौत हो गई और 7 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, शनिवार को करीब 4 बजे दुकानों में मरम्मत का काम किया जा रहा था तभी ये हादसा हुआ। पुलिस ने बताया कि परिवार के लोग मजदूरों के साथ मरम्मत का काम करा रहे थे और हादसे में किशन उपाध्याय (65) और विष्णु उपाध्याय (60) की मौत हो गई है तथा अर्जुन, सोनू, दीपक, ब्रजेश, अजय और पुष्कर समेत 7 लोग घायल हुए हैं।
4 दुकानों के गिरने से 2 व्यक्तियों की मौत, 7 अन्य घायल
मिली जानकारी के मुताबिक, अपर पुलिस आयुक्त संजीव त्यागी ने बताया कि हादसे के बाद मौके पर पुलिस टीम को भेजा गया। 2 जेसीबी मशीन लगा कर बचाव अभियान शुरू कर मलबे से 9 लोगों को निकाला गया। सभी को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान चिकित्सकों ने दो लोगों को मृत घोषित किया है। उन्होंने कहा कि मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
दुकानों की मरम्मत की जा रही थी तभी...
पुलिस के मुताबिक, ये दुकानें मृतक विष्णु उपाध्याय, किशन उपाध्याय और इनके 2 भाइयों की दुकानें हैं तथा चारों दुकानों में पहले खाने पीने के सामान की बिक्री होती थी और कुछ दिन पहले दुकानें खाली हुईं थी जिनकी मरम्मत की जा रही थी। पुलिस ने बताया कि अचानक से छत भरभरा गिरी और सब लोग दब गए।