अयोध्या के 22 साल के Lieutenant सिक्किम में शहीद, दोस्त के लिए दे दी प्राणों की आहुति, आज Ayodhya पहुंचेगा पार्थिव शरीर
punjabkesari.in Friday, May 23, 2025 - 02:50 PM (IST)

अयोध्या: उत्तर प्रदेश के अयोध्या के लाल लेफ्टिनेंट शशांक तिवारी सिक्किम में एक ऑपरेशन के दौरान शहीद हो गए। इस खबर से पूरे जिले में शोक की लहर दौड़ गई है। अयोध्या के लिए आज का दिन बेहद दुखद है। उनके शहीद होने पर पूरे अयोध्या में मातम पसरा है। हर एक इंसान की आंख में आंसू हैं।
दोस्त को बचा खुद गंवाई जान
मिली जानकारी के अनुसार ऑपरेशनल गश्त के दौरान लेफ्टिनेंट शशांक का एक साथी जवान नदी में गिर गया था। पानी के तेज बहाव के चलते जवान बहने लगा। यह देख 23 साल के लेफ्टिनेंट शशांक नदी में कूद गए। अपनी सूझबूझ से लेफ्टिनेंट साथी को तो मौत के मुंह से खींचकर बाहर निकाल लाए, लेकिन खुद शहीद हो गए।
आज पार्थिव शरीर पहुंचेगा अयोध्या
बता दें कि आज उनका शव अयोध्या पहुंचेगा। 23 साल के लेफ्टिनेंट शशांक तिवारी की यह पहले पोस्टिंग थी। इतनी कम उम्र में ही उन्होंने अपने प्राणों की आहुति दे दी। अयोध्या के ग्राम सभा गद्दोपुर के मझवा गांव के रहने वाले शशांक के पिता मर्चेंट नेवी में अधिकारी के पद पर तैनात हैं। परिवार में एक बहन और एक भाई भी है।
17 दिसंबर 2024 को सेवा में रखा था कदम
स्थानीय लोगों ने बताया कि शहीद लेफ्टिनेंट शशांक अनुशासित और होनहार थे। उन्होंने पहले ही प्रयास में एनडीए की परीक्षा पास कर ली थी। 17 दिसंबर 2024 को उन्होंने इस सेवा में कदम रखा था और देश की सेवा लंबे समय तक करना चाहते थे। लेकिन शायद तकदीर को कुछ और ही मंजूर था। आज उनका पार्थिव शरीर अयोध्या लाया जाएगा। पूरे सैन्य सम्मान के साथ माझा जामताड़ा में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।