कोहरे का कहर: आगरा-बरेली हाइवे पर बारातियों से भरी कार दुर्घटना में 4 की मौत, CM ने जताया दुख
punjabkesari.in Saturday, Dec 26, 2020 - 02:28 PM (IST)

कासगंज: उत्तर प्रदेश के कासगंज में आज कोहरे के दौरान तेज रफ्तार का कहर उस वक्त देखने को मिला जब आगरा बरेली हाइवे पर सोरों कस्बे में आई बारात के लौटते समय बारातियों की कार ईंटों के चट्ठे से टकरा गई जिसमें चार बारातियों की मौत हो गयी तथा दो गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। तीन ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया था जबकि एक की मौत अस्पताल में इलाज के दौरान हुई।
दुर्घटना आज तड़के हुई जब कोहरे के कारण दृश्टयता बहुत कम थी। मृतकों के नाम अमन, आसिफ, और साजिद हैं जबकि समीर, अरशद और यासिर घायल हुये। इनमें एक की मौत अस्पताल में हो गई। बाकी दो की भी हालत चिंताजनक बनी हुई है। कासगंज के सोरों में मुन्ने मियाँ की लड़की यासमीन नाज की सोरो लहरा रोड निवासी के रिजाजउद्दीन के लड़के सलमान की बारात आई थी। बाराती अपनी ब्रेजा गाड़ी से वापस मैनपुरी जा रहे थे। तभी आगरा बरेली हाइवे पर तेज रफ्तार और कोहरे की बजह से गाड़ी मारूति सुजुकी एजेंसी के निकट रोड किनारे रखी ईटों के चट्ठे से टकरा गयी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। आस पास के लोगों की मदद से पुलिस ने कार में फंसे हुए शवों को कार की चादर काटकर निकाला। शवों को पोस्ट माटर्म के लिए भेज दिया गया है। इसबीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है।