एक बार फिर पहचान के आधार पर चुनकर की गईं 9 हत्याएं, बाकी बस यात्रियों को छोड़ा, CM बोले-यह खुला आतंकवाद है; भारत के पड़ोसी देश में......

punjabkesari.in Saturday, Jul 12, 2025 - 06:18 PM (IST)

UP Desk : भारत के पड़ोसी देश पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में एक बार फिर खूनी आतंक ने आम जनता को अंदर तक झकझोर दिया है। उत्तरी बलूचिस्तान के झोब जिले के पास एक यात्री बस पर हथियारबंद हमलावरों ने धावा बोलकर 9 लोगों को मौत के घाट उतार दिया। चौंकाने वाली बात यह है कि नागरिकों की पहचान करने के बाद चुनकर हत्याएं की गईं। इस हमले ने लोगों को दहशत में डाल दिया है। यह हमला न सिर्फ प्रांत की शांति व्यवस्था पर है, बल्कि इसे एक सुनियोजित आतंकवादी साजिश माना जा रहा है।

जानें पूरा घटनाक्रम 
जानकारी के अनुसार, यह बस क्वेटा से लाहौर की ओर जा रही थी। रास्ते में झोब जिले के पास अज्ञात हमलावरों ने बस को रोका और यात्रियों को बाहर निकालकर उनकी पहचान करने लगे। जिसके बाद 9 लोगों को अलग कर गोली मार दी गई। बाकी बस यात्रियों को छोड़ दिया गया। हमले के तुरंत बाद सुरक्षाबल और स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। शवों को पास के बारखान जिले के रेखनी अस्पताल पहुंचाया गया।

यह खुला आतंकवाद है - मुख्यमंत्री 
बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री मीर सरफराज बुगती ने इसे 'खुला आतंकवाद' करार दिया है। उन्होंने गंभीर चिंता जताते हुए कहा हत्याएं केवल इसलिए की गईं क्योंकि पीड़ित पाकिस्तानी नागरिक थे। आतंकियों ने एक बार फिर कायरता दिखाई है। मासूमों का खून व्यर्थ नहीं जाएगा, इसका जवाब निर्णायक होगा। 

आतंकियों की तलाश जारी
झोब के डिप्टी कमिश्नर नावेद आलम ने पुष्टि की है कि सभी पीड़ितों को पहले अगवा किया गया और फिर पास के इलाके में ले जाकर गोली मार दी गई। फिलहाल, सुरक्षाबलों की टीमें पूरे इलाके में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चला रही हैं। अभी तक किसी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन संदेह बलूच उग्रवादी संगठनों पर जा रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Purnima Singh

Related News

static