धधकती आग में जिंदा जला 5 साल का मासूम, मौसी की शादी में शामिल होने आया था ''जमान'', मातम में बदलीं परिवार की खुशियां

punjabkesari.in Thursday, May 08, 2025 - 05:10 PM (IST)

कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से दिल हदला देने वाली घटना सामने आई है। यहां शादी वाले एक घर में अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। आग की चपेट में एक पांच साल का बच्चा आ गया। आग की चपेट में आने से उसकी जलकर मौत हो गई। मासूम अपनी मां के साथ लखनऊ से नाना के घर मौसी की शादी में शामिल होने के लिए आया था। इस घटना से पूरे परिवार में मातम परसा हुआ है। शादी की खुशियां मातम में तब्दील हो गईं। वहीं परिजनों ने पोस्टमॉर्टम कराने से इन्कार कर दिया है। 

10 मई को आनी थी नसरीन की बारात 
लखनऊ के निगोहा थाना क्षेत्र के सकरा गांव निवासी अमानत चट्टा संचालक हैं। उनके परिवार में उनकी पत्नी चांदनी और दो बच्चे, शाद और जमान हैं। कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र स्थित सनीगवां में उनकी ससुराल है। उनके ससुराल में साली नसरीन की शादी थी। जिसके लिए उनकी पत्नी चांदनी बड़े बेटे शाद और छोटे बेटे जमान उम्र 5 साल के साथ मायके आई थी। घर में शादी की तैयारियां जोरों पर थीं। 10 मई को नसरीन की बारात आनी थी। 

आग की लपटों के बीच कमरे में फंस गया जमान 
चांदनी के पिता करीब ने बताया कि जमान बुधवार दोपहर को बच्चों के साथ कमरे में खेल रहा था। बकौल करीब, परिवार के अन्य लोग शादी की तैयारियों में लगे हुए थे। इसी दौरान अचानक कमरे में आग लग गई। जमान के साथ खेल रहे दो बच्चे तो कमरे से बाहर निकल आए, लेकिन वह कमरे में आग के बीच फंस गया। आग की चपेट में आने से जमान जल गया। कमरे में रखा दहेज का सामान भी जलकर खाक हो गया। 

डॉक्टरों ने जमान को मृत किया घोषित 
कमरे से उठती आग की लपटों को देखकर पारिवार के लोग सहम गए। सभी ने आग बुझाने का प्रयास किया। लेकिन आग और भड़क गई। सूचना पर पहुंची दमकल की एक गाड़ी ने आग पर काबू पाया। जिसके बाद परिवार के लोग जमान को कांशीराम अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 

आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं
इस मामले में चकेरी थाना प्रभारी संतोष शुक्ला का कहना है कि आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। परिजनों ने बच्चे का पोस्टमॉर्टम कराने से मना कर दिया है। बेटे की मौत से मां चांदनी का रो-रोकर बुरा हाल है। उसके आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Purnima Singh

Related News

static