नवरात्रि पर यूपी वासियों को बड़ी सौगात, सड़क पर उतरेंगी 200 नई AC बसें; यात्रियों को मिलेगा सफर में आराम
punjabkesari.in Friday, Sep 19, 2025 - 03:01 AM (IST)

Lucknow News: नवरात्रि के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार ने जनता को एक बड़ी सौगात दी है। राज्य सरकार की पहल पर उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) जल्द ही 200 नई एसी बसों को सड़कों पर उतारने जा रहा है। यह सभी बसें अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होंगी और लंबी दूरी के यात्रियों के लिए यात्रा को अधिक आरामदायक बनाएंगी।
सभी बसें एसी सुविधा और बेहतर तकनीकी विशेषताओं से युक्त
इसकी जानकारी देते हुए परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने बताया कि ये सभी बसें 2×2 आरामदायक रीक्लाइन सीटों, एसी सुविधा और बेहतर तकनीकी विशेषताओं से युक्त हैं। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य है प्रदेशवासियों को सुरक्षित, आरामदायक और आधुनिक परिवहन सेवाएं उपलब्ध कराना।
नवरात्रि पर प्रदेश की जनता के लिए एक विशेष भेंट
दयाशंकर सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपहार नवरात्रि पर प्रदेश की जनता के लिए एक विशेष भेंट है। उन्होंने कहा, “प्रदेश सरकार का लक्ष्य है कि जनता को सरल, सुलभ और सुविधाजनक यात्रा अनुभव दिया जाए।” उन्होंने यह भी बताया कि 2022 से अब तक, जबसे उन्होंने कार्यभार संभाला है, 5000 से अधिक नई बसें UPSRTC के बेड़े में शामिल हो चुकी हैं। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश परिवहन निगम का बेड़ा देश में सबसे युवा बेड़े के रूप में उभरा है, क्योंकि निगम की बसों की औसत आयु अन्य राज्यों की तुलना में सबसे कम है।