मालगाड़ी की चपेट में आने से सर्राफा व्यापारी की मौत, लोन की किस्त जमा करने गया था मृतक

punjabkesari.in Saturday, May 16, 2026 - 08:36 PM (IST)

सुलतानपुर: उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले में नाका रेलवे क्रॉसिंग के पास शनिवार दोपहर मालगाड़ी की चपेट में आने से एक सर्राफा व्यापारी की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के महमूदपुर सलाहपुर बरदहिया निवासी अनिल कुमार सोनी (35) के रूप में हुई है।

राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के अनुसार अनिल कुमार सोनी पैदल रेलवे लाइन पार कर रहे थे, तभी वह मालगाड़ी की चपेट में आ गए। हादसे में उनका बायां हाथ कंधे से अलग हो गया। जीआरपी उपनिरीक्षक आरिफ खान ने बताया कि आधार कार्ड के माध्यम से शव की पहचान की गई और परिजनों को सूचना दे दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

परिजनों के अनुसार, अनिल अपने घर के पास सर्राफा की दुकान चलाते थे और वह दुकान के कर्ज तथा लोन की किस्तों को लेकर तनाव में थे। पत्नी चंदा सोनी ने बताया कि वह लोन की किस्त जमा करने की बात कहकर घर से निकले थे। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News

static