ससुराल वालों की प्रताड़ना से क्षुब्ध होकर महिला ने दी जान, पति सहित 5 लोगों के खिलाफ केस दर्ज
punjabkesari.in Tuesday, Feb 03, 2026 - 08:22 PM (IST)
बलिया: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में 32 वर्षीय एक विवाहित महिला ने कथित रूप से ससुराल वालों की प्रताड़ना से क्षुब्ध होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक इस मामले में महिला के पति सहित पांच लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी ससुर को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार यह घटना जिले के बांसडीह थाना क्षेत्र के टोलापुर बाजार सुल्तानपुर गांव की है। मनियर थाना क्षेत्र के टुकड़ा नम्बर दो के गोविंदा सिंह ने सोमवार को बांसडीह थाने में तहरीर दी कि उसकी बहन रिंकू सिंह की शादी बांसडीह थाना क्षेत्र के टोलापुर बाजार सुल्तानपुर गांव के चंदन सिंह के साथ दस साल पहले हुई थी। शिकायत के मुताबिक शादी के बाद से ही आए दिन गाली-गलौज और मारपीट कर रिंकू को प्रताड़ित किया जा रहा था। रिंकू (32) ने प्रताड़ना से क्षुब्ध होकर एक फरवरी को अपने ससुराल के घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इसके बाद शव को छिपाने के लिए शव को सरयू नदी में प्रवाहित कर दिया गया।
थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने मंगलवार को बताया कि इस मामले में गोविंदा सिंह की तहरीर पर रिंकू के पति चंदन सिंह, ससुर विजय शंकर सिंह, सास कालपति देवी, ननद रेखा देवी व रूबी सिंह और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ सोमवार को नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपी ससुर विजय शंकर सिंह को सुल्तानपुर डीह बाबा के स्थान से मंगलवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है।

