एक मोबाइल कॉल पर घर से निकला युवक फिर सुबह मिला खेत में शव, रंजिश में हत्या की आशंका

punjabkesari.in Saturday, Mar 07, 2026 - 03:07 PM (IST)

बाराबंकी: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जनपद में शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। घुंघटेर थाना क्षेत्र के श्रीराम पुरवा मजरे सुभान नगर गांव के बाहर खेत में 20 वर्षीय युवक का लहूलुहान शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। बदमाशों ने युवक का धारदार हथियार से गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी।

PunjabKesari

मोबाइल पर फोन आया फिर नहीं लौटा घर 
मृतक की पहचान मिथुन रावत (20) पुत्र छबिनाथ के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार शुक्रवार शाम मिथुन घर पर ही था, तभी उसके मोबाइल पर किसी का फोन आया। इसके बाद वह गांव के बाहर जाने की बात कहकर घर से निकल गया, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, मगर कोई सुराग नहीं मिला। शनिवार सुबह ग्रामीणों ने गांव के बाहर खेत में मिथुन का क्षत-विक्षत शव पड़ा देखा। शव को देखकर लोग दंग रह गए। हमलावरों ने युवक के गले, सीने और हाथ पर कई वार किए थे। गला लगभग आधा कटा हुआ था, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

PunjabKesari
मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी
घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास से साक्ष्य जुटाकर मामले की जांच शुरू कर दी है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुरानी रंजिश को माना जा रहा कारण
प्रारंभिक पूछताछ में मृतक के परिजनों ने गांव के ही एक विशेष समुदाय के कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से ही विवाद और रंजिश चल रही थी, जिसे इस वारदात की वजह माना जा रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

गांव में दहशत का माहौल
गांव के एक चश्मदीद के मुताबिक उसने शुक्रवार शाम मिथुन को गांव के बाहर जाते हुए देखा था, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि सुबह उसकी मौत की खबर मिलेगी। युवक की इस तरह हुई नृशंस हत्या से पूरे गांव में दहशत का माहौल है और लोग घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News

static