गोरखपुर: दीन दयाल उपाध्याय विश्वविद्यालय के कुलपति व प्राक्टर को एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने जमकर पीटा
punjabkesari.in Saturday, Jul 22, 2023 - 08:37 AM (IST)

गोरखपुर: दीन दयाल उपाध्याय विश्वविद्यालय गोरखपुर में एबीवीपी के कार्यकर्ताओं द्वारा कुलपति व प्राक्टर की जमकर पिटाई की गई है। कई दिनों से धरने पर बैठे एबीवीपी के कार्यकर्ताओं का गुस्सा शुक्रवार दोपहर बाद फूट पड़ा। कुलपति कक्ष में तोड़फोड़ की और दरवाजा उखाड़कर फेंक दिया। सुबह से एबीवीपी कार्यकर्ता गेट पर प्रदर्शन कर रहे थे। दोपहर बाद तक कुलपति का इंतजार कर रहे थे, लेकिन तीन बजे तक कुलपति बाहर नहीं निकले। जिसके बाद कार्यकर्ता कुलपति कक्ष में पहुंच गए। पुलिस अपनी सुरक्षा में कुलपति को बाहर निकाल रही थी कि कार्यकर्ताओं ने हमला बोल दिया। कुलपति को पीटने के साथ ही बीच- बचाव कर रहे पुलिसकर्मियों से भी कार्यकर्ताओं ने जमकर मारपीट की।
गमलों से किया हमला
एबीवीपी कार्यकर्ताओं के गुस्से का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि उन्होंने गमले फेंककर कुलपति व कुलसचिव को मारा। कार्यकर्ताओं ने कुलसचिव को बुरी तरह पीटा है। पुलिस कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर मामले की छानबीन में जुटी है।