छेड़खानी के बाद बोला – ''माफ कर दो,अब नहीं करूंगा''... मेरठ में मनचले की करतूत CCTV में कैद, पुलिस ने दबोचा

punjabkesari.in Monday, Oct 06, 2025 - 12:47 PM (IST)

Meerut News: उत्तर प्रदेश में मेरठ जिले के किठौर थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक युवक एक 14 साल की किशोरी का गला दबाता हुआ नजर आ रहा है। यह पूरी घटना वहां लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया।

क्या है पूरा मामला?
गाजियाबाद की रहने वाली 14 वर्षीय किशोरी अपने नानी के गांव (जो किठौर थाना क्षेत्र में आता है) कुछ दिन पहले आई थी। 3 अक्टूबर की दोपहर, गांव के ही रहने वाले एक युवक जानू ने किशोरी का छिपकर वीडियो बना लिया। इसके बाद वह वीडियो गांव के कुछ लोगों को दिखाने लगा। जब यह बात किशोरी को पता चली तो वह बहुत नाराज हो गई।

विरोध करने पर युवक ने की मारपीट और छेड़छाड़
बताया जा रहा है कि बाद में गांव में जानू का सामना किशोरी से हो गया। किशोरी ने उसे रोककर पूछा कि उसने वीडियो क्यों बनाया और अपना मोबाइल दिखाने को कहा। जानू ने मना कर दिया। इसके बाद दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसी दौरान जानू ने किशोरी के साथ छेड़छाड़ की और उसका गला दबा दिया। किशोरी की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंच गए, जिसके बाद जानू मौके से भाग गया। पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हो चुकी थी।

पुलिस ने तुरंत किया गिरफ्तार
किशोरी के परिवार ने थाना किठौर में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने जानू के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और छेड़छाड़ की धाराओं में मुकदमा लिखा। रविवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने जानू को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के समय बताया गया कि भागते समय जानू गड्ढे में गिर गया था, जिससे उसका दाहिना हाथ टूट गया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी पुलिस से माफी मांगता नजर आया और कहने लगा कि "मुझसे गलती हो गई, अब नहीं करूंगा, मुझे माफ कर दो।"

पुलिस का बयान
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। मामले में CCTV फुटेज को भी सबूत के तौर पर इस्तेमाल किया जाएगा। किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और केस की जांच जारी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static