पूर्व सांसद राजेश वर्मा की हत्या की साजिश! घर तक पहुंच गया था हथियारबंद, फिर हुआ एनकाउंटर; पुलिस की मुस्तैदी ने बचाई जान

punjabkesari.in Wednesday, Jun 03, 2026 - 12:58 PM (IST)

सीतापुर : उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में पुलिस ने उत्तर प्रदेश राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद राजेश वर्मा की हत्या की साजिश रचने के आरोपी एक व्यक्ति को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि तंबौर इलाके में मंगलवार की देर रात पुलिस से हुई मुठभेड़ में शादाब नामक व्यक्ति पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे बाद में गिरफ्तार करके अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपी की पहचान शादाब के रूप में हुई है, जो सीतापुर जिले के तंबौर थाना क्षेत्र का ही रहने वाला है। 

पुलिस के मुताबिक शादाब पर आरोप है कि वह जमीन के पुराने विवाद को लेकर पूर्व सांसद की हत्या करने की इरादे से पिछले दिनों एक पिस्तौल और चाकू लेकर उनके घर पहुंच गया था। पुलिस क्षेत्राधिकारी अभिषेक कुमार ने बताया कि पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश में एक सघन अभियान चलाया था। उन्होंने बताया कि इसी दौरान मंगलवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी एक ईंट-भट्ठे के पास स्थित आम के बाग में छुपा है। कुमार ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शादाब को चारों ओर से घेर लिया इसके बाद उसने पुलिस टीम पर गोलियां चलायीं। 

उन्होंने बताया कि आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई के दौरान शादाब पर में गोली लगने से जख्मी हो गया जिसके बाद उसे गिरफ्तार करके इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से एक पिस्टल और एक चाकू बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी का पहले से कोई आपराधिक इतिहास नहीं है। राजेश वर्मा सीतापुर से दो बार (2014 से 2024 तक) सांसद रह चुके हैं, हालांकि वह 2024 का लोकसभा चुनाव हार गए थे। वर्मा वर्तमान में उत्तर प्रदेश राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष हैं। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Purnima Singh

Related News

static