''नीलगाय आई और पिस्टल गायब...'' पुलिस का रिवॉल्वर छीनकर भाग रहा कातिल एनकाउंटर में घायल
punjabkesari.in Sunday, Sep 13, 2026 - 02:12 PM (IST)
Deoria News: उत्तर प्रदेश में देवरिया जिले के भलुअनी क्षेत्र में युवक की चाकू मारकर हत्या के 2 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। रविवार की भोर में पुलिस का रिवाल्वर छीनकर भागते हुए पुलिस पर फायरिंग करने के दौरान एक आरोपी जवाबी कार्रवाई में घायल हुआ है। पुलिस अधीक्षक अभिजित आर शंकर ने यहां बताया कि थाना भलुअनी में पंजीकृत मु0अ0सं0 143/2026 अंतर्गत धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के 2 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम चाइना अंसारी और अंबुज विश्वकर्मा हैं।
उन्होंने बताया कि आरोपी चाइना अंसारी के बयान के आधार पर घटना में प्रयुक्त आला कत्ल को सोनाड़ी रोड पर छिपाए गए स्थान से उसकी निशानदेही पर बरामद कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि बरामदगी के बाद पुलिस टीम जब आरोपियों को लेकर वापस लौट रही थी। तभी भोर के समय अचानक एक नीलगाय गाड़ी के सामने आ गई। इससे गाड़ी फिसलकर सड़क के नीचे उतर गई और उसका पहिया फंस गया।
बताया जा रहा है कि पुलिस टीम जब गाड़ी को धक्का देकर निकालने का प्रयास कर रही थी कि इसी बीच आरोपी चाइना अंसारी ने एक उपनिरीक्षक की रिवाल्वर छीन ली और भागते हुए पुलिस बल पर फायरिंग कर दी। उन्होंने बताया कि आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में आरोपी चाइना अंसारी के दाहिने पैर में गोली लगी। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया। जहां उसकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है। पुलिस ने छीनी गई रिवाल्वर को सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मौके पर शांति है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

