बाहुबली विजय मिश्र के पोते पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई, ढाई करोड़ की संपत्ति कुर्क
punjabkesari.in Saturday, Aug 27, 2022 - 07:36 PM (IST)

भदोहीः पूर्व बाहुबली विधायक विजय मिश्र पर शिकंजा कसता ही जा रहा है। शनिवार को पुलिस ने उनके पोते आकाश मिश्र की ढाई करोड़ की संपत्ति कुर्क कर ली। पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत डीएम के आदेश पर यह कार्रवाई की है। बता दें कि गैंगरेप के मामले में विजय मिश्र, बेटा विष्णु और पोता आकाश आरोपी हैं जो इस समय जेल में हैं। एसपी डा. अनिल कुमार ने बताया कि ज्ञानपुर के पूर्व विधायक विजय मिश्र पेशेवर अपराधी है। गैंग बनाकर प्रॉपर्टी हड़पने समेत कई मामले विजय मिश्र और उसके परिजनों पर दर्ज हैं। अवैध रूप से धन एकत्र कर विजय मिश्र के गैंग के सदस्य आकाश मिश्र के माता व पिता के नाम पर करोड़ों रुपये की प्रापर्टी रजिस्ट्री कराई गई थी। उन्होंने बताया कि विजय मिश्र ने पोते आकाश मिश्र की मां पुष्पलता पत्नी प्रकाशचंद के नाम कौलापुर में 1.7370 हेक्टेयर भूमि डरा धमका कर रजिस्ट्री कराई थी। इस भूमि की कीमत 2.50 करोड़ आंकी गई है।
गैंगस्टर एक्ट के तहत संपत्ति कुर्क करने का आदेश हुआ है जारी
डीएम आर्यका अखौरी ने शुक्रवार को गैंगस्टर एक्ट के तहत यह संपत्ति कुर्क करने का आदेश जारी किया था। आदेश मिलने के बाद पुलिस ने कौलपुर में भूमि पर डुगडुगी बजाकर कुर्की की कार्रवाई की। गौरतलब है कि विजय मिश्र पर कुल 83 मुकदमें विभिन्न जनपदों में दर्ज हैं।
हाल ही में गिरफ्तार हुआ विष्णु मिश्रा
गौरतलब है कि विजय मिश्रा के भगौडे बेटे विष्णु मिश्रा को हाल ही पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जिन्हें 29 जुलाई को स्थानीय अदालतों में पेश किया गया जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
विष्णु मिश्रा के खिलाफ कुल आठ मुकदमें दर्ज
पुलिस अधीक्षक डाक्टर अनिल कुमार के मुताबिक विष्णु मिश्रा को गुरूवार को अदालत में पेश किया गया। विष्णु मिश्रा के खिलाफ कुल आठ मुकदमें दर्ज है। मिश्रा के अधिवक्ता आनंद शुक्ला ने बताया की विष्णु की मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सबीहा खातून की अदालत में पेशी हुई, इसके बाद एक अन्य मुकदमे में अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट साधना गिरि की अदालत में उसे पेश किया गया। दो साल से फरार विष्णु मिश्रा को पकड़ने के लिए लुक आउट सर्कुलर भी जारी किया गया था। उसपर एक लाख रूपये का इनाम है।
विजय मिश्रा को 2020 में मध्य प्रदेश से किया गया था गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, चार बार के पूर्व विधायक विजय मिश्रा को 2020 में मध्य प्रदेश से गिरफ्तार किया गया था, उनके रिश्तेदार कृष्ण मोहन तिवारी ने उन पर संपत्ति हड़पने, धोखाधड़ी करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया था। वह फिलहाल आगरा जेल में बंद है, जबकि उसकी पत्नी समाजवादी पार्टी की नेता राम लाली मिश्रा को उच्च न्यायालय से जमानत मिल गई है।