''4 जून के बाद ''कांग्रेस खोजो यात्रा'' पर जाएंगे राहुल गांधी...'' भूपेंद्र सिंह चौधरी का विपक्ष पर हमला

punjabkesari.in Tuesday, May 21, 2024 - 12:40 PM (IST)

UP News: लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण के मतदान कल हो चुके है। इसके बाद उत्तर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने दावा किया है कि भाजपा पांचवें चरण की सभी 14 सीटों पर जीत हासिल करेगी। उन्होंने रायबरेली और अमेठी सीट की बात करते हुए कहा कि इन सीटों पर जनता ने भाजपा के पक्ष में संदेश दिया है। BJP इन सीटों पर जीत रही है और चार जून के बाद राहुल गांधी 'कांग्रेस खोजो यात्रा' पर निकलने वाले हैं।

जनता ने विपक्ष का सूपड़ा साफ कर दियाः भूपेंद्र चौधरी
प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि ''अब फिर से कमल खिलने वाला है। पांचों चरणों में जनता ने विपक्ष का सूपड़ा साफ कर दिया है। अमेठी में कांग्रेस का इकोसिस्टम अब खत्म हो चुका है, वहां दोबारा कमल खिल रहा है। राहुल गांधी की वापसी का टिकट बन चुका है और वे भी पराजित हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी सभी देशवासियों को अपने परिवार का सदस्य मानते हैं। जनता अपने पीएम के साथ खड़ी है। पीएम मोदी और जनता के बीच का जो गठबंधन है, वह अटूट है। यही कारण है कि सपा, कांग्रेस और इंडी गठबंधन हताश और निराश हैं। जनविश्वास खो चुकी सपा और कांग्रेस हताशा और निराशा में है। उनके नेताओं के पास कोई नीति नहीं है। उन्होंने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि 4 जून के बाद कांग्रेस खोजो यात्रा पर रवाना होंगे।''

विपक्ष नेताओं की नियत में खोट हैः भूपेंद्र चौधरी
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि विपक्ष नेताओं की नीयत में खोट है। उनका एकमात्र एजेंडा खुद के परिवार को ही पोषण देना है। इंडी अलायंस की रैलियों में गुंडों की भीड़ आ रही है, अराजकता का आलम ऐसा है कि युवराज रैलियां नहीं कर पा रहे हैं। चुनाव में विपक्ष को बस्ते लगाने के लिए भी कार्यकर्ता नहीं मिले हैं। जनता उन्हें पहचान चुकी है। जनता ने उन्हें नकार दिया है और कमल का बटन दबाकर भाजपा को अपना भरपूर समर्थन दिया है। चुनाव के नतीजे भाजपा के पक्ष में है और जनता के आशीर्वाद से प्रदेश की सभी सीटों पर भाजपा की जीत होगी।''   


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pooja Gill

Related News

static