Agra: अस्पताल संचालक ने युवती से किया दुष्कर्म, वीडियो बनाकर दोस्त को भेजे; फिर उसने भी किया ब्लैकमेल
punjabkesari.in Friday, Dec 23, 2022 - 12:23 AM (IST)

आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा में एक अस्पताल में काम करने वाली युवती ने अस्पताल के संचालक तथा उसके दोस्त के खिलाफ दुष्कर्म कर वीडियो बनाने और ब्लैकमेल कर उसका यौन शोषण करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को इसकी जानकारी दी।
वीडियो वायरल करने की धमकी देकर करता रहा शारीरिक शोषण
इस संबंध में बृहस्पतिवावर को थाना एत्माद्दौला के प्रभारी निरीक्षक राजकुमार ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे हैं। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह नौ महीने पहले ट्रांस यमुना कालोनी के एक अस्पताल में काम करने गई थी। उसने बताया कि अस्पताल के संचालक रामपाल सिंह ने उसे अपनी बातों के जाल में फंसा लिया और उसके साथ दुष्कर्म किया तथा आपत्तिजनक वीडियो बना ली। पीड़िता ने बताया कि वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर उसका शारीरिक शोषण करता रहा। अस्पताल संचालक ने बाद में उस वीडियो क्लिप को अपने दोस्त सिकंदरा निवासी मुकेश शर्मा को दे दी।
पड़ोसी ने एक युवती के साथ तमंचे के बल पर दुष्कर्म किया
शिकायत में कहा गया है कि मुकेश ने खुद को दिल्ली क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताकर युवती को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। इसमें कहा गया है कि मुकेश उसे होटलों में ले जाता और उसके साथ बलात्कार करता था। बाद में पीड़िता ने एत्माद्दौला थाने में इसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने बताया कि मुकेश के बारे में छानबीन की जा रही है। इस बीच, पुलिस ने बताया कि आगरा के थाना फतेहाबाद क्षेत्र के एक गांव में पड़ोसी ने एक युवती के साथ तमंचे के बल पर दुष्कर्म किया। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे हैं।