AIMIM नेता के काफिले का स्टंट वीडियो वायरल, मुराद अली बोले- पुराना है वीडियो

punjabkesari.in Tuesday, Feb 17, 2026 - 08:05 PM (IST)

अम्बेडकरनगर (कार्तिकेय द्विवेदी ): उत्तर प्रदेश के अम्बेडकर नगर जिले में AIMIM नेता मुराद अली के काफिले से जुड़ा एक कथित स्टंटबाजी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ युवक हाईवे पर चल रही चार पहिया गाड़ियों के दरवाजों से लटककर खतरनाक स्टंट करते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो 15 फरवरी का है और बसखारी थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।

वायरल क्लिप में साफ दिख रहा है कि कई वाहन तेज रफ्तार में सड़क पर दौड़ रहे हैं, जबकि कुछ युवक कारों के गेट से बाहर लटककर स्टंटबाजी कर रहे हैं। इस दौरान न तो यातायात नियमों का पालन किया जा रहा है और न ही सुरक्षा का कोई ध्यान रखा गया है। ऐसे स्टंट से न सिर्फ स्टंट करने वालों की जान को खतरा होता है, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों के लिए भी दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है।

मामले को लेकर जब AIMIM के प्रदेश सचिव मुराद अली से संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा कि वायरल किया जा रहा वीडियो पुराना है और इसे बेवजह तूल दिया जा रहा है। उनका कहना है कि काफिले से जुड़े लोगों को यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी जाती है।

फिलहाल वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर चर्चा तेज हो गई है। यदि वीडियो की पुष्टि होती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई हो सकती है। पुलिस प्रशासन की ओर से मामले की जांच की बात कही जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि सड़क पर इस तरह की स्टंटबाजी से बचें और यातायात नियमों का सख्ती से पालन करें।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News

static