Aligarh News: बुजुर्ग दंपत्ति ने राम मंदिर के लिए 400 किलो का बनाया ताला, कारीगरी देख सब लोग रह गए हैरान
punjabkesari.in Monday, Aug 07, 2023 - 11:06 AM (IST)

(अर्जुन वार्ष्णेय)Aligarh News: उत्तर प्रदेश का अलीगढ़ जिला ताले के लिए देश और दुनिया में मशहूर है। इसी पहचान को कायम रखने में अलीगढ़ में वर्षों से एक दंपत्ति लगा हुआ है। उन्होंने पहले आर्डर पर 300 किलो का बड़ा ताला बनाया और अब उससे भी बड़ा 30 किलो की चाबी के साथ 400 किलो का ताला बनाया है। इसे दुनिया का सबसे बड़ा ताला भी कहा जा सकता है। बुजुर्ग दंपत्ति को इस ताले को बनाने में डेढ़ लाख रुपया लागत लगाने के साथ-साथ 6 महीने का समय लगा। बुजुर्ग दंपति इस बड़े ताले को अयोध्या में बन रहे राम मंदिर को अर्पण करना चाहते हैं।
बुजुर्ग दंपति ने राम मंदिर के लिए बनाया 400 किलो का ताला
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, ताला कारीगर सत्य प्रकाश शर्मा की पत्नी रुक्मणी देवी शर्मा ने बताया कि हमारी इच्छा थी कि हम राम मंदिर के लिए ताला बनाएं। इसलिए हमने 400 किलो का यह ताला बनाया है। उन्होंने बताया कि उनके पति हार्ट के मरीज थे, इस वजह से इसे बनाने में ज्यादा समय लग गया। हम इस ताले को राम मंदिर के लिए भेंट करना चाहते हैं। इस ताले को देखकर लोग हमारे साथ फोटो-वीडियो लेते हैं और हमें आशीर्वाद भी दे रहे हैं।
बुजुर्ग दंपत्ति राम मंदिर को भेंट करना चाहते हैं यह ताला
आपको बता दें कि ताला बनाने वाले कारीगर सत्य प्रकाश शर्मा ने कहा कि हमने (पति-पत्नी) मिलकर इस ताले को तैयार किया है। हम पति-पत्नी चाहते हैं कि अयोध्या में बन रहे राम मंदिर को यह ताला अर्पण करें। अभी जहां तक हमारे पैसे की कैपेसिटी थी, हमने लगा दिया। इससे ज्यादा हमारे पास गुंजाइश नहीं है। इस वजह से हम इसको अयोध्या राम मंदिर तक नहीं पहुंचा पाए हैं। यह 4 कुंटल का ताला है, जिसको बनाने के लिए डेढ़ लाख रुपए की लागत लग चुकी है। इस ताले की लंबाई 10 फीट और चौड़ाई 4.5 फीट है। इस ताले की मोटाई 9.5 इंच है, इस ताले को बनाने में हमें 6 महीने का समय लगा। मैं राम मंदिर को यह ताला भेंट कर सकूं, इस पर से मैंने और मेरी पत्नी ने यह ताला तैयार किया है।