बुलंदशहर: 70 फिट ऊंचे महालिंगेश्वर मंदिर पर धूमधाम से मनाया गया अमृत महोत्सव

punjabkesari.in Monday, Aug 15, 2022 - 04:05 PM (IST)

बुलंदशहर: पूरा देश आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर अमृत महोत्सव मना कर आजादी की खुशियां जाहिर कर रहा है। इस मौके पर उत्तर प्रदेश के जनपद बुलंदशहर में देश प्रेमियों ने घर-घर तिरंगा फहराया। बुलंदशहर में विश्व विख्यात 70 फीट ऊंचे महालिंगेश्वर सिद्ध महापीठ पर भी ध्वजारोहण किया गया और पीठाधीश आचार्य जी की गरिमामय उपस्थिति में धर्म पुष्प जागृति मिशन संस्था के अध्यक्ष बाबूजी श्री धर्मपाल सिंह जी के द्वारा ध्वजारोहण किया गया। ध्वजारोहण होने के साथ ही  महालिंगेश्वर सिद्धपीठ पर सभी सेवादारों ने एवं शिव भक्तों ने सामूहिक रूप से जन गण मन का गान किया। इसके उपरांत संस्था के अध्यक्ष बाबूजी श्री धर्मपाल सिंह जी ने आजादी की 75 वीं वर्षगांठ पर सभी सेवादारों और शिव भक्तों को आजादी की महत्ता को बताते हुए समझाया कि हम जिस आजादी के जश्न को आज मना रहे हैं। इसको पाने के लिए अनेकों क्रांतिकारियों ने अपना बलिदान दिया है। देशवासियों को बलिदान के बदले मिली आजादी के महत्व को समझाते हुए देश के प्रति समर्पित रहना चाहिए। सभी देशवासियों को सबसे पहले राष्ट्र हित में सोचना चाहिए।

सिद्ध पीठ के पीठाधीश्वर आचार्य मनजीत धर्मध्वज जी ने ध्वजारोहण के दौरान मौजूद सेवादार और शिव भक्तों को प्रेरित करते हुए कहा कि सभी देशवासियों को अपने अपने लक्ष्य के विषय में जानना चाहिए। सभी को धर्म से जुड़ना चाहिए क्योंकि धर्म हमारे कर्म को व्यवस्थित करता है। अतः धर्म के अनुसार सकारात्मक कर्म करने से समाज, राष्ट्र की उन्नति होती है। भारत एक बार फिर से विश्व गुरु बनेगा। आचार्य जी ने आगे बताते हुए कहा कि श्री द्वादश महा लिंगेश्वर सिद्ध महापीठ का निर्माण मेदिनी ज्योतिषी के अनुसार राष्ट्र हित के लिए किया गया है।

सिद्ध महा पीठ पर सावन के सभी सोमवार में समाज कल्याण एवं राष्ट्र कल्याण समेत ब्रह्मांड कल्याण हेतु परिक्रमा की जाती है। आज आज़ादी की 75वीं वर्षगांठ पर सिद्ध महापीठ पर पंडित रोहित, पंडित भोला जोशी, पंडित संदीप प्यासी, पंडित चंद्रशेखर के द्वारा भारत वर्ष एवं विश्व में शांति हेतु शांति पाठ के साथ जलाभिषेक किया गया, सिद्ध महापीठ पर आज़ादी का जश्न मनाने के दौरान प्रभात गुप्ता, शुभम पंडित, संजू पंडित, बॉबी, सुशील शर्मा, विशाल भारद्वाज, कुंवर पाल सिंह, रूप सिंह समेत सैंकड़ों लोग मौजूद रहे।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ajay kumar

Recommended News

Related News

static