SI और उसके दोस्तों ने किया सेना के जवान का मर्डर; बहन की शादी में शामिल होने आया था मृतक

punjabkesari.in Tuesday, Dec 02, 2025 - 01:30 PM (IST)

प्रयागराज: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के करछना थाना क्षेत्र में रोड रेज में एक सेना के जवान की हत्या का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि सेना के जवान विवेक कुमार सिंह अपनी चचेरी बहन की शादी में आया था। शादी में शामिल होने घर आए सेना के जवान पर कुछ युवकों ने हमला कर दिया, जिससे गंभीर रूप से घायल जवान लखनऊ के मिलिट्री अस्पताल में इलाज के दौरान सोमवार को चल बसे। इस हत्या का अब खुलासा हुआ है कि विवेक कुमार सिंह पर यूपी पुलिस के एक सब-इंस्पेक्टर और उसके कुछ दोस्तों ने शनिवार देर रात जानलेवा हमला किया था

बहन की शादी में शामिल होने आए थे जवान
धरवारा निवासी उमाकांत सिंह ने पुलिस को तहरीर में बताया कि उनके छोटे बेटे 28 वर्षीय विवेक सिंह, जो दिल्ली में सेना में तैनात थे, 29 नवंबर को अपनी चचेरी बहन की शादी में शामिल होने घर आए थे। शनिवार रात लगभग 2 बजे, विवेक अपने दोस्त विनय जैन को गांव के ही करण सिंह के साथ कार से कोहड़ार बाजार छोड़ने गए थे। वापसी के दौरान धरवारा मोड़ के पास बारात से लौट रही एक स्कॉर्पियो कार में सवार युवकों से ओवरटेक को लेकर बहस हो गई। विवाद बढ़ने पर स्कॉर्पियो सवार युवकों ने लाठी-डंडों से विवेक की बेरहमी से पिटाई की। सिर पर गंभीर चोट लगने से वह बेहोश होकर गिर पड़े। गंभीर रूप से घायल विवेक को पहले करछना सीएचसी ले जाया गया। स्थिति बिगड़ने पर उन्हें मिलिट्री हॉस्पिटल लखनऊ रेफर किया गया। वहां इलाज के दौरान सोमवार को उनकी मौत हो गई।

5 आरोपी गिरफ्तार
विवेक के पिता उमाकांत सिंह की तहरीर पर करछना पुलिस ने हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने 5 नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार किया, जिनमें शामिल हैं:- मिर्जापुर में तैनात दरोगा राजकमल पांडेय, स्कॉर्पियो मालिक और अधिवक्ता दिनेश कुमार यादव, सेना के जवान राजीव कुमार ठाकुर, राजू अग्रहरि, भाईलाल यादव निवासी चकराना तिवारी नैनी। डीसीपी यमुनानगर जोन विवेक चंद्र यादव ने बताया कि सभी आरोपी गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pooja Gill

Related News

static