भाजपा विधायक पर हमला; गाड़ी पर पथराव और की मारपीट, SSI सहित 3 पुलिसकर्मी सस्‍पेंड

punjabkesari.in Tuesday, Feb 24, 2026 - 09:11 AM (IST)

UP News: उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के मंडी धनौरा थाना क्षेत्र में एक समारोह में शामिल होने जा रहे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक राजीव तरारा पर बदमाशों ने कथित तौर पर हमला किया। धनौरा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक राजीव तरारा रविवार रात अमरोहा में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे, तभी रेलवे क्रॉसिंग के पास यह घटना घटी। 

विधायक की कार को पीछे से मारी टक्कर 
पुलिस के अनुसार, तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने विधायक की कार को पीछे से टक्कर मार दी। जब उनके सुरक्षा गार्ड ने मोटरसाइकिल सवारों से पूछताछ की, तो उन्होंने कथित तौर पर पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। बदमाशों ने सुरक्षा गार्ड और कार चालक के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। पुलिस ने बताया कि विधायक ने तुरंत स्थानीय पुलिस थाने को इसकी सूचना दी, लेकिन पुलिसकर्मी लगभग 30 मिनट बाद मौके पर पहुंचे। 

दो आरोपियों को मौके पर ही पकड़ा 
पुलिस के मुताबिक, दो आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया गया, जबकि अन्य फरार हो गए। इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और शाहबाजपुर मड़िया गांव के रोहित और नानौर माफी गांव के प्रदीप को गिरफ्तार कर लिया गया है। शेष हमलावरों की तलाश जारी है। हसनपुर के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) पंकज कुमार त्यागी ने बताया कि पुलिस के हस्तक्षेप के बाद स्थिति नियंत्रण में आ गई। 

तीन पुलिसकर्मी निलंबित 
इस घटना का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने कार्यवाहक थाना प्रभारी वरिष्ठ उपनिरीक्षक सतीश कुमार, मंडी धनौरा टाउन आउटपोस्ट प्रभारी जुगल किशोर और आरक्षी अंकुश मलिक को कथित लापरवाही के आरोप में निलंबित कर दिया है और उनके खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। मुरादाबाद रेंज के उप महानिरीक्षक मुनिराज ने विधायक से बात की और उन्हें आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन भी दिया। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pooja Gill

Related News

static