गांव के बाहर पेड़ पर लटका मिला 4 सितंबर से लापता युवक का शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

punjabkesari.in Sunday, Sep 17, 2023 - 03:36 PM (IST)

Auraiya News: उत्तर प्रदेश में औरैया जिले के बेला क्षेत्र के एक गांव में रविवार सुबह एक युवक का शव गांव के बाहर खेत में पेड़ पर लटका मिलने से हडकंप मच गया। आधिकारिक सूत्रों ने यहां इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि बेला थाने के गांव सूनी खेड़ा निवासी राजेश सिंह चौहान दिल्ली की कंपनी में नौकरी करते हैं। उनके बेटे सत्यम (19) का शव पेड़ पर लटका मिला है। सत्यम फरीदाबाद में एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था। वह बीती 4 सितंबर को घर के लिए निकला था और घर नहीं आया। उसने मां को फोन करके घर न आने की बात कही। इसके बाद उसे संपर्क टूट गया, तो पिता ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। इसी बीच मैनपुरी के भोगांव निवासी ने एक महिला के गायब होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। महिला सत्यम के गांव की रहने वाली थी।

PunjabKesari

युवक का शव फंदे पर लटकता मिला
बताया जा रहा है कि इटावा जिले के थाना भरथना पुलिस ने सत्यम को महिला के साथ पकड़ लिया। जिस पर दोनों पक्षों में समझौता होने के बाद 14 सितंबर को सत्यम को छोड़ दिया गया और वह गांव आ गया। शनिवार की शाम वह शौच क्रिया के लिए निकला, लेकिन घर नहीं पहुंचा। इस पर परिजनों ने तलाश शुरू की लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। रात में ही परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर मोबाइल सर्विलांस पर लगाया। रविवार की सुबह जल निगम की पाइप लाईन बिछा रहे मजदूरों ने गांव के बाहर एक पेड़ पर सत्यम का शव फांसी पर लटका देखा तो सूचना दी।

PunjabKesari

शव को थाने ले आई पुलिस, परिजन लगा रहे हत्या का आरोप
आपको बता दें कि सूचना पर पहुंची पुलिस शव थाने ले आई। परिजन हत्या का आरोप लगा रहे थे। परिजनों ने पुलिस पर भी लापरवाही का आरोप लगाया। एसपी चारु निगम ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को समझाया। शव को पोस्टमाटर्म के लिए भेजा गया। पुलिस ने शक के आधार पर दबिश देकर गांव के 3 लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। एसपी चारु निगम ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत किया जायेगा और जांच कर कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट  में मौत का कारण स्पष्ट हो जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static