Ayodhya News: राम नगरी में शीशे की भूल-भुलैया में दिखेगी श्री रामजी की लीला, यहां भक्त करेंगे सीता माता की खोज
punjabkesari.in Thursday, Sep 26, 2024 - 07:39 PM (IST)
Ayodhya News, (संजीव आजाद): रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद से लगातार रामनगरी को नई सौगात मिल रही है, इसी कड़ी में राम भक्तों और पर्यटकों के लिए नगर निगम स्मार्ट सिटी योजना के अंतर्गत तीन करोड़ 95 लाख रुपये की लागत से श्री राम सीता भूल भुलैया का निर्माण करवा रहा है।

इस बार दीपोत्सव के दौरान राम भक्त और पर्यटक दर्पण की रहस्यमयी दुनिया में खो जाने के लिए तैयार रहें। यहां शीशे का एक ऐसा रोमांचित करने वाला क्षेत्र विकसित किया जा रहा है, जिसमें एक बार प्रवेश करने के बाद बाहर निकलने के लिए आपको अपनी बुद्धि और विवेक का जमकर उपयोग करना होगा। अन्यथा दिशाओं और रास्तों को भूल कर उसी में चक्कर लगाते रहेंगे। भ्रम से भरे दर्पण के गलियारों से निकलने में यदि आप हताश हो जाएंगे, तो माता सीता की खोज को लेकर भगवान राम के संघर्षों पर आधारित चलचित्र चुनौती को पार करने में आपका मनोबल बढ़ाएंगे। आश्चर्य से भरा मनोरंजन का यह संसार एक शीशे की भूल भुलैया होगी।

रामपथ पर अमानीगंज में जलकल कार्यालय परिसर में 1400 स्क्वायर फीट में भूल भुलैया को आकार दिय जा रहा है, जो करीब-करीब पूरी होने को है। इसमें करीब 80 दर्पण लगाए जा रहे हैं। इसमें नौ कक्ष होंगे, जिन्हें पार करके लोगों को बाहर निकलना होगा, लेकिन यह इन्हें पार करना इतना आसान नहीं होगा। यह भूल भुलैया की भांति होंगे। इसमें लोगों की मदद के लिए एक सहायक भी होगा। इमरजेंसी गेट भी इसमें बनाया गया हैं। अंदर पांच स्क्रीन लगाई जाएंगी, जिसमें सीता की खोज पर आधारित प्रसंगों का बीच-बीच में प्रसारण किया जाएगा।

राज्य स्मार्ट सिटी योजना के अंतर्गत तीन करोड़ 95 लाख रुपये की लागत से भूल भुलैया बन रही है। भ्रम, आश्चर्य एवं रोमांच से भरे दर्पणों के परिसर को पार कर निकास द्वार पहुंचेंगे। वहां एक सेल्फी प्वाइंट भी होगा, जहां भूल भुलैया पार करने के अपने उत्साहजनक हावभाव को कैमरे में कैद कर सकेंगे। नगर आयुक्त संतोष शर्मा ने बताया कि सीता खोज रोचक घटना को इस मिरर मेज के माध्यम से जीवंत किया गया है। इसी माह यह बन कर तैयार हो जाएगा।

