मथुरा ऑनर किलिंग मामले में सनसनीखेज खुलासा, पिता ने ही गोली मारकर की थी आयुषी की बेरहमी से हत्या
punjabkesari.in Tuesday, Nov 22, 2022 - 09:14 AM (IST)

मथुरा(मदन सारस्वत): उत्तर प्रदेश में लाल ट्राॅली बैग में यमुना एक्सप्रेसवे के राया कट के समीप सर्विस रोड पर मिले करीब 22 वर्षीय युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई थी। मथुरा पुलिस ने खूनी वारदात का पर्दाफाश करते हुए युवती के पिता और माता को गिरफ्तार कर लिया है। शव की पहचान आयुषी पुत्री नितेश यादव निवासी गली नं. 65 बदरपुर मोड बन्द एक्सटेन्शन थाना बदरपुर दिल्ली के रुप में पुलिस ने पुख्ता की थी। हत्या में झूठी शान (आनर किलिंग) का मामला सामने आया है। आयुषी डी.जी.आई.टी. जनकपुरी दिल्ली में बीसीए की फाईनल वर्ष की छात्रा थी। नीट में भी उसका चयन हो गया था लेकिन वह काउंसलिंग के लिए नहीं गई थी।
बदनामी के डर से माता-पिता रहते थे परेशान
पुलिस ने जानकारी जुटाई है कि वह भरतपुर के एक युवक छतरपाल से प्रेम करती थी। माता-पिता इसका विरोध कर रहे थे। इसी बात को लेकर घर में तनाव रहता था। आयुषी घर से बिना बताए चली जाती थी जिस कारण माता पिता बदनामी के कारण लडकी से परेशान रहते थे। 17 नवम्बर को दोपहर समय करीब 2 बजे आयुषी का उसके माता पिता से विवाद हो गया था। जिस पर उसके पिता नितेश यादव ने अपनी पत्नी बृजबाला के साथ मिलकर अपने ही घर में अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर 32 बोर से आयुषी को गोली मार दी थी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। नितेश यादव ने अपनी पत्नी के साथ आयुषी के शव को घसीट कर सफेद पारदर्शी पन्नी के अन्दर रखकर लाल रंग के ट्राली बैग में अपने घर में ही छुपाकर रख दिया था।
मां-भाई ने मथुरा मोर्चरी पहुंचकर की थी आयुषी की पहचान
बताया जा रहा है कि 18 नवम्बर को रात में करीब 3 बजे अपनी फोर्ड फीस्टा कार रंग (मूनडस्ट) गाडी नंम्बर डीएल 4 सीएएल 9740 में स्वयं नितेश यादव कार चलाकर अपनी पत्नी बृजवाला के साथ मय ट्राली बैंग के एन.एच.टू. हाईवे कोटवन टोल प्लाजा से सुबह समय करीब 5 बजे निकलकर यमुना एक्सप्रेस वे पर आकर वृन्दावन कट के अंडरपास से समय करीब 7 बजे पर सर्विस रोड कृषि अनुसंधान केन्द्र की सडक पर झाड़ियों में ट्राली बैग फेंककर वापस सर्विस रोड से यमुना एक्सप्रेस वे पर मांट टोल प्लाजा से सुबह करीब 7ः10 बजे निकलकर अपने घर दिल्ली वापस चले गए। जिसके बाद मृतक आयुषी के परिजनों को घर जाकर सूचना दी गई । सूचना मिलने पर मृतक की माता बृजबाला व भाई आयुष ने मोर्चरी मथुरा पहुंचकर अपनी बेटी आयुषी की शिनाख्त की थी। एक कार फोर्ड फिएस्टा, एक रिवाल्वर 32 बोर दो खोखा कारतूस, एक लाइसेंस 32 बोर रिवाल्वर जनपद देवरिया से जारी, एक मोबाइल एंड्रायड वीवो रंग बैंगनी मृतक आयुषी का बरामद किया है।
पुलिस ने की दिन रात मेहतन तब जाकर खुल सका राज
पुलिस द्वारा अज्ञात शव के फोटो समाचार पत्रों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशनों, गाडियों बसों व रेलगाड़ियों पर चस्पा कर देश के कोने कोने में शिनाख्त कराने का हरसंभव प्रयास किया गया। जनपदों के डीसीआरबी कार्यालयों व अन्य राज्यों के क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो से समन्वय स्थापित किया गया। सोशल मीडिया (फेसबुक, व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम) ग्रुप्स पर पम्पलेट व अज्ञात शव के फोटो अपलोड किए गए। जिन स्थानों से लड़की की गुमशुदगी की जानकारी प्राप्त हुई उनके बारे में गहनता से छानबीन कर जांच की गई। लखनऊ, फरीदाबाद (हरियाणा), दिल्ली, कानपुर, आगरा, अलीगढ़, हाथरस, भरतपुर, जयपुर, नोएडा, गाजियाबाद इत्यादि में गुम हुई लडकियों उम्र करीब 20 से 22 वर्ष के बारे में टीम द्वारा जानकारी प्राप्त की गई। एसपी सिटी ने बताया कि इस मामले में अथक प्रयास के बाद आखिर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और पिस्टल और कार बरामद कर ली गई और बताया कि एक वर्ष पूर्व युवती ने युवक से शादी भी कर ली थी, इसी कारण माता पिता ने मिलकर हत्या कर दी और शव को ठिकाने लगाने के लिए फेंका था।