चाची पर डोली भतीजे की नियत, रेप का किया प्रयास, विरोध करने पर कर दी हत्या, दलित महिला मर्डर केस में सनसनीखेज खुलासे
punjabkesari.in Tuesday, May 06, 2025 - 02:03 PM (IST)

कन्नौज : उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां बीते दिनों मक्के के खेत में एक दलित महिला की लाश मिली थी। अब इस मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। बकौल पुलिस, दलित महिला की हत्या करने वाला उसका भतीजा ही था। भतीजे ने पहले दुष्कर्म का प्रयास किया। जिसका विरोध करने पर भतीजे ने महिला से मारपीट की और फिर धारदार हथियार से हमला कर दिया। फिर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी थी। इस हत्याकांड को अंजाम देने के बाद उसने शव को मक्के के खेत में फेंक दिया था।
अर्धनग्न अवस्था में मिला शव
पूरा मामला गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव तहसीपुर ठठिया का है। जहां रविवार सुबह एक 40 साल की महिला सुशीला देवी का शव अर्धनग्न अवस्था में मक्के के खेत में मिला था। शव पर चोट और जख्म के निशान थे। सुशीला देवी शनिवार की शाम खेत में खाद और पानी लगाने गईं थीं। जिसके बाद वह वहां से वापस नहीं आईं। सुबह उनका शव मढिया गांव के रहने वाले राम विलास के मक्के के खेत में पड़ा मिला था।
भतीजे ने उगला सारा राज
ग्रामीणों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। शव की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। साथ ही फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड टीम भी मौके पर पहुंच गई। सभी टीमों ने घटनास्थल पर जांच शुरू कर दी थी। जिसके बाद पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिवार के लोगों से भी पूछताछ की थी। मामले में पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने खुलासा करते हुए बताया कि मृतका की ननद से पूछताछ के बाद एक शख्स अमरपाल का नाम सामने आया। अमरपाल रिश्ते में मृतिका का भतीजा भी लगता है। सुशीला देवी उस दिन उसके साथ ही पानी लगाने के लिए खेत गईं थीं। जब अमरपाल को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उसने सारा राज उगल दिया।
भतीजे की चाची पर डोली नियत
पुलिस पूछताछ में अमरपाल ने बताया कि शराब के नशे में वह महिला के साथ पानी लगाने के लिए खेत में गया था। अंधेरा होने पर उसकी नियत खराब हो गई और फिर उसने दुष्कर्म का प्रयास किया। जिसपर महिला ने उसका विरोध किया। इस बात से गुस्सा होकर अमरपाल ने महिला की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे वह बेहोश हो गई। इसके बाद उसने गला दबाकर महिला को मौत के घाट उतार दिया था। बताया जा रहा है कि महिला सुशीला देवी की शादी तहसीयापुर निवासी राम रतन से हुई थी। उनके तीन बच्चे हैं। उनके पति की 2 साल पहले ही मृत्यू हो गई थी।