बांदा नाव हादसाः सीएम योगी ने मौके पर भेजे सरकार के दो मंत्री, मृतकों के परिजनों को 4 लाख रुपए मुआवजे की घोषणा

punjabkesari.in Friday, Aug 12, 2022 - 12:10 PM (IST)

बांदा/लखनऊः  उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में गुरुवार को यमुना नदी में एक नाव डूबने से दो महिलाओं और एक बच्चे की मौत हो गई। जबकि 17 लोग लापता हैं और देर रात तक चले बचाव कार्य के फलस्वरूप 15 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। वहीं इस घटना में  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को आपदा राहत कोष से 4 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार के मंत्री रामकेश निषाद और राकेश सचान को घटनास्थल पर तत्काल पहुंचने के निर्देश दिये हैं।

वहीं इस मामले में अपर मुख्य सचिव (गृह) अवनीश कुमार अवस्थी के कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक नाव के मालिक को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार गुरुवार को यमुना नदी में फतेहपुर से आ रही नाव बांदा जिले के मरका थाना क्षेत्र में अनियंत्रित होकर पलट गयी। लापता लोगों की तलाश हेतु एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, जल पुलिस व जल पीएसी घटनास्थल पर पहुंच गई। बड़ी संख्या में जवानों ने लापता हुए लोगों की तलाश का मोर्चा संभाल लिया।

बीती रात अंधकार और वर्षा के कारण रोका गया बचाव अभियान आज सुबह 7:00 बजे से युद्ध स्तर पर पुन: शुरू हुआ। बांदा के अपर पुलिस अधीक्षक लक्ष्मी निवास मिश्र ने बताया कि इस दुर्घटना में लापता हुए लोगों की तलाश सुबह से ही शुरू कर दी गई। लेकिन अब तक कोई सफलता नहीं मिली है। पुलिस अधिकारी भी मौके पर मौजूद है। इसी मामले में मिश्र ने बताया कि तीन मृतकों की शिनाख्त फतेहपुर जिले के जरौली गांव निवासी राम प्रसाद की पत्नी फुलवा, राम नगर कौहन निवासी राजेंद्र सिंह की पत्नी राजरानी और मरका निवासी दिनेश केवट के 07 वर्षीय पुत्र किशन के रूप में की गई है। वहीं लापता लोगों की तलाश जारी है। 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tamanna Bhardwaj

Recommended News

Related News

static