वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर का 27 अक्टूबर से बदल जाएगा समय, गोवर्धन पूजा के मद्देनजर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

punjabkesari.in Tuesday, Oct 25, 2022 - 10:25 PM (IST)

मथुरा: वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर का समय 27 अक्टूबर से बदल जाएगा। मंदिर के एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। मंदिर के प्रबंधक मुनीश शर्मा ने बताया,"अब राजभोग सेवा के लिए मंदिर के कपाट अपराह्न 1.00 बजे बंद हो जाएंगे। सुबह की पाली में, मंदिर सुबह 08.45 बजे खुलेगा और अपराह्न 1.00 बजे तक भगवान की भोग सेवा (दोपहर के भोजन) के लिए एक संक्षिप्त विराम के साथ खुला रहेगा। दोपहर के सत्र में, मंदिर भगवान के भोग के लिए एक संक्षिप्त अंतराल के बाद शाम 4.30 से 8.30 बजे तक खुलेगा।"

गोवर्धन पूजा के लिए सुरक्षा बढ़ी
अधिकारियों ने बताया कि शहर में बुधवार को गोवर्धन मंदिरों में होने वाली गोवर्धन पूजा के लिए सुरक्षा बढ़ा दी गई है। मथुरा-वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर में ग्रीष्मकालीन और शीतकालीन की सेवाएं लगातार चलती रहती हैं। बता दें कि बांके बिहार के दर्शन के लिए देश के अलावा विदेशों से भी काफी संख्‍या में भक्‍त आते हैं।

लाखों तीर्थयात्रियों के गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा करने की संभावना
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) त्रिगुण बिशन ने कहा, ‘‘कई लाख तीर्थयात्रियों के गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा करने की संभावना है। दान घाटी मंदिर में 'दर्शन' के लिए एकतरफा व्यवस्था का सख्ती से पालन किया जाएगा।" अधिकारियों ने बताया कि प्रमुख मंदिरों और परिक्रमा मार्ग पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारियों के अनुसार सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों को भी प्रमुख मंदिरों में तैनात किया गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Mamta Yadav

Related News

static