भूपेंद्र चौधरी का वरुण गांधी पर तीखा हमला, बोले- हो सकता है अपना कहीं और भविष्य तलाश रहे हों!
punjabkesari.in Saturday, Oct 15, 2022 - 11:56 PM (IST)
बुलंदशहर: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केन्द्र में मोदी सरकार और उत्तर प्रदेश में योगी सरकार की निरंतर आलोचना कर रहे पार्टी सांसद वरुण गांधी के बारे में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने शनिवार को कहा कि शायद गांधी अपना भविष्य कहीं और तलाश रहे हैं।

अपनी ही भाजपा सरकारों की खुलकर आलोचना कर रहे वरुण गांधी
बुलंदशहर आये सिंह ने पत्रकारों से कहा, ‘‘ऐसा आभास हो रहा है कि वरुण गांधी अपना भविष्य कहीं और तलाश कर रहे हैं।'' ज्ञात हो कि पीलीभीत से भाजपा सांसद वरुण गांधी पिछले कुछ समय से भाजपा सरकारों की खुलकर आलोचना कर रहे हैं। इस पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए सिंह ने कहा है कि जो लोग भाजपा सरकार पर नौकरशाही के हावी होने और कार्यकर्ताओं की उपेक्षा होने का आरोप लगाते हैं, या तो वे संगठन से सही ढंग से जुड़े नहीं हैं या उनके व्यक्तिगत स्वार्थ आड़े आ रहे हैं।
संगठन और सरकार में पूरा तालमेल: भूपेंद्र सिंह
भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग का यहां शुभारंभ करने आये सिंह ने संवाददाताओं के सवालों के जवाब में यह बात कही। भाजपा सांसद वरुण गांधी के बदले सुरों के सवाल पर उन्होंने कहा कि संगठन और सरकार में पूरा तालमेल है। भाजपा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की शासन एवं प्रशासन के स्तर पर सुनवाई की जा रही है। प्रशासन पर सरकार की पूरी पकड़ है। जो लोग नौकरशाही के हावी होने या कार्यकर्ताओं की उपेक्षा होने का आरोप लगाते हैं, या तो वे संगठन से सही ढंग से जुड़े नहीं हैं या उनके व्यक्तिगत स्वार्थ आड़े आ रहे हैं।
अन्य संगठन या संस्था में अपना भविष्य तलाश रहे हों…
भाजपा सांसद वरुण गांधी द्वारा देश के विधायकों एवं सांसदों से स्वेच्छा से पेंशन त्यागने की अपील के मुद्दे और सरकार के कामकाज की आलोचना करने के सवाल पर सिंह ने कहा कि संभवत: वरुण गांधी किसी अन्य संगठन या संस्था में अपना भविष्य तलाश रहे हों।

