पूर्व विधायक बाहुबली विजय मिश्रा को तगड़ा झटका, आर्म्स एक्ट में कोर्ट ने सुनाई 3 साल की सजा
punjabkesari.in Monday, Oct 17, 2022 - 05:03 PM (IST)

लखनऊ: पूर्व विधायक बाहुबली विजय मिश्रा को तगड़ा झटका लगा है। आर्म्स एक्ट में कोर्ट ने 3 साल की सजा सुनाई है। विजय मिश्रा के खिलाफ 65 से अधिक आपराधिक मुकदमें दर्ज हैं। 2009 में बसपा सरकार में उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट का मुकदमा दर्ज किया था। सपा सरकार आने के बाद मुकदमें की सुनवाई लंबित हो गई थी। 13 साल पुराने आर्म्स एक्ट के मुकदमे में तीन साल कारावास की सजा सुनाई गई।
विधायक विजय मिश्रा तीन बार सपा और चौथी बार निषाद पार्टी से विधायक चुने गए। ज्ञानपुर विधानसभा एक ऐसी सीट थी जिस पर आजादी के बाद कोई दोबारा विधायक नहीं हुआ लेकिन विजय मिश्र इस सीट से चार बार विधायक हुए जिसे लेकर उन पर आरोप लगते रहे कि अपने बाहुबल से जीत दर्ज की। 2017 में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने टिकट काट दिया था
तब विजय मिश्र पार्टी से बगावत कर निषाद पार्टी से चुनाव लड़े और जीते। 18 अक्तूबर 2020 को बनारस की एक गायिका ने गोपीगंज थाने में विजय मिश्र के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया। विधायक के ऊपर नए पुराने कुल 70 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। साल 2020 पुलिस ने विजय मिश्र को तब गिरफ्तार कर लिया जब वो मध्य प्रदेश से महाकाल का दर्शन कर लौट रहे थे। तभी से वो आगरा जेल में निरुद्ध हैं।