कांवड़ को अनपढ़ों की यात्रा बताने वाले सपा विधायक पर भड़की भाजपा, कहा- अखिलेश के इशारे पर हो रहा हिंदू धर्म का अपमान
punjabkesari.in Sunday, Jul 27, 2025 - 07:50 PM (IST)

लखनऊ: बलिया से समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक मोहम्मद जियाउद्दीन रिजवी ने कांवड़ यात्रा पर विवादित बयान देते हुए इसे अनपढ़ों की यात्रा बताया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रिजवी के बयान पर पलटवार करते हुए कहा है कि ये बयान सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के इशारे पर दिया गया है।
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने कहा कि, ‘‘ नबी की शान में गुस्ताखी हो जाए तो सर तन से जुदा के नारे लहराने लगते हैं, लेकिन हिंदू धर्म, धर्मग्रंथो,साधु संतों,रीति रिवाज और परंपराओं पर कोई कुछ भी मनमाने पूर्ण ढंग से अपमानित कर देता है,इसका प्रबलता से विरोध भी नहीं होता।
त्रिपाठी ने कहा कि आखिर ये कब तक चलेगा, कब तक हिंदुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाते रहेंगे। उन्होने कहा कि,बलिया से सपा विधायक मुहम्मद जियाउद्दीन रिजवी कांवड यात्रा को अनपढ़ों की यात्रा बता रहे हैं। अंधविश्वास बता रहे हैं। यह सब कुछ सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव के निर्देश पर हो रहा है। सपा विधायक रिजवी ने कहा था कि, कांवड़ यात्रा में गांव के अनपढ़ और अंधविश्वास में फंसे लोग जाते हैं। यात्रा में अमित शाह और अंबानी का बेटा या भाजपा के किसी एमपी-एमएलए या आईएएस-पीसीएस बेटा नहीं गया।