घोसी सीट पर मिली करारी हार पर मंथन कर बिगड़े माहौल को सुधारने में जुटी भाजपा

punjabkesari.in Monday, Sep 11, 2023 - 11:26 AM (IST)

लखनऊ: मऊ जिले की घोसी उपचुनाव में मिली हार की वजहों पर मंथन करने के साथ भाजपा चुनाव बाद पार्टी को लेकर बिगड़े माहौल को सुधारने में जुट गई है। भाजपा ने उप चुनाव बाद उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, संगठन मंत्री धर्मपाल सिंह की मौजूदगी में पार्टी मुख्यालय पर एक बैठक की जिसमें हार के कारणों की समीक्षा और भविष्य की रणनीति पर विमर्श किया गया।

PunjabKesari

प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी की अध्यक्षता में शनिवार, रविवार को हुई बैठकों में चुनाव परिणाम के आधार पर घोसी के जातीय समीकरण पर भी बात हुई। किस जाति का कितना वोट मिला और किस जाति का वोट अपने पक्ष में नहीं किया जा सका, इस पर भी मंथन हुआ। साथ ही हार से बिगड़े माहौल को दुरुस्त करने पर सुझाव दिए गए। बैठक में दारा सिंह चौहान के राजनीतिक भविष्य पर भी चर्चा हुई कि आगे उनका कहां बेहतर उपयोग किया जा सकता है। इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर 17 सितंबर से गांधी जयंती दो अक्तूबर तक चलने वाले सेवा पखवाड़े की तैयारी पर भी चर्चा हुई।

PunjabKesari
दारा सिंह को लेकर थी नाराजगी
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने स्वीकार किया है कि चुनाव के दौरान पार्टी के प्रत्याशी दारा सिंह के खिलाफ लोगों में नाराजगी की जानकारी थी। उसे दूर करने का प्रयास भी किया गया। लेकिन, परिणाम बताते हैं कि नाराजगी दूर नहीं हुई।

कमेटी करेगी हार के कारणों की पड़ताल
भाजपा उपचुनाव में हार के कारणों की पड़ताल के लिए जल्दी ही एक कमेटी बनाएगी। कमेटी घोसी जाकर स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं से बात कर हार के कारणों की पड़ताल करेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ajay kumar

Related News

static