BJP सांसद की ‘AAP’ को चुनौती, बोले- ''जिस दिन गुजरात में बनी केजरीवाल सरकार मैं उसी दिन छोड़ दूंगा राजनीति''
punjabkesari.in Friday, Nov 04, 2022 - 12:30 PM (IST)

देवरिया: कैसरगंज से बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने आम आदमी पार्टी को चुनौती देते हुए कहा कि गुजरात में जिस दिन आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सरकार बनाने में कामयाब हो गए उस दिन मैं राजनीति से सन्यास ले लूंगा। वहीं बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी पर भी हमला बोलेते हुए कहा कि ओवैसी के तीसरी पीढ़ी का नाम तुलसीराम था।
सिंह ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर तंज कसते हुए कहा कि गुजरात में मोदी जी को लोग अपना गौरव मानते हैं, क्योंकि मोदी जी ने वहां विकास का काम किया है। मैं अभी हाल ही में गुजरात गया था, मैंने देखा कि मोदी जी पर लोगों की आस्था और लगाव दोनों हैं। उन्होंने आम आदमी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि सबसे पहले दिल्ली में आम आदमी पार्टी को कांग्रेस का समर्थन मिला वहां आप ने कांग्रेस के वोट काट दिए। पंजाब में भी आम आदमी पार्टी कांग्रेस का ही वोट ले गए, क्योंकि भारतीय जनता पार्टी की स्थिति पंजाब में बेहतर नहीं थी। वहां जो भी सरकारें रही हैं वहअकाली दल के गठन के साथ रही हैं। भारतीय जनता पार्टी पंजाब में कमजोर रही है।
उन्होंने कहा कि हमारा मानना है कि पंजाब में भारतीय जनता पार्टी अकेले रही होती तो वहां भी मजबूत स्थिति में होती। गुजरात में भी केजरीवाल कांग्रेस का नुकसान कर रहे है। आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल पर तंज कसते हुए भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि अरविंद केजरीवाल की सरकार गुजरात में बन जाए तो आके हमसे मिल लेना, मैं उसी दिन राजनीति छोड़ दूंगा।