PM मोदी के जन्मदिन पर BJP की अपील- नवजात बच्चियों को कूड़े के ढेर में फेंकने वालों को मिले मौत की सजा
punjabkesari.in Friday, Sep 17, 2021 - 04:11 PM (IST)
लखनऊ: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi)का आज 71वां जन्मदिन (71st birthday) है। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) महिला मोर्चा (Mahila Morcha) पदाधिकारियों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को उनके जन्मदिन की बधाई दी है। साथ ही एक खास अपील की है। महिला मोर्चा ने मांग की है कि नवजात बच्चियों को लावारिस फेंकने वालों के लिए मौत की सजा का प्राविधान किया जाए।
मोर्चा ने मोदी का जन्मदिन शुक्रवार को श्रीराम औद्योगिक अनाथ आश्रम अलीगंज में संवासिनी कन्याओं के साथ बड़े धूमधाम से मनाया। बच्चियों ने केक काटकर प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर महिला मोर्चा की पदाधिकारियों द्वारा बच्चों के दोपहर के भोजन की व्यवस्था की गई व रोजमरर की जरूरी वस्तुएं उपलब्ध कराई गई।
संस्था परिसर में ही ‘समर्पण वृक्ष' महिला मोर्चा की पदाधिकारियों द्वारा लगाया गया। बच्चियों के लिए सार्थक उद्बोधन बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ पर चलते हुए महिला मोर्चा की पदाधिकारियों ने मोदी से अपील की, कि दंड का ऐसा विधान किया जाए जो बच्चियों को फेंके उसके लिए मौत का प्रावधान किया जाए। ताकि समाज मे लोगों को सीख मिले और वो ऐसा वीभत्स कृत्य करने से पहले कई बार सोचें बच्चियां कूड़े कचरे और थैलियों में ना मिलें। बल्कि उन्हें भी एक स्वस्थ समाज दिया जाए। इस अवसर पर चेतना पांडेय प्रदेश मीडिया प्रभारी भाजपा व प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कोमल शुक्ला, पूजा मिश्रा व डॉक्टर सीपिका जयसवाल एवम शिल्पी मिश्रा आदि महिला मोर्चा के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।