BJP कार्यकर्ता को युवक की पैरवी करना पड़ा भारी, दरोगा ने लॉकअप में बंद करने की दी धमकी
punjabkesari.in Friday, Mar 25, 2022 - 12:53 PM (IST)

हरदोई: जिले के सुरसा थाने में पैरवी के लिए गए भाजपा के मंडल अध्यक्ष से दरोगा एवं सिपाही ने अभद्रता और लॉकअप में बंद करने की धमकी भी दी। दरअसल, भाजपा के मंडल अध्यक्ष रजनीश वर्मा किसी की पैरवी के सम्बंध में गए थे। थाने में उस वक्त ड्यूटी पर मौजूद दरोगा प्रिन्स ने रजनीश से परिचय पूछा तो उन्होंने खुद को सुरसा का मंडल अध्यक्ष बताया और कुछ जानकारी करनी चांही। मंडल अध्यक्ष के अनुसार उनके परिचय देने के बाद दरोगा ने कहा कि ये क्या होता है, इसके बाद मंडल अध्यक्ष ने कहा कि आप नहीं जानते लेकिन थाने के बाकी सब कर्मी जानते हैं।
मंडल अध्यक्ष ने बताया कि वहां मौजूद एक सिपाही ने उनसे कहा कि तुम्हे कमंडल अध्यक्ष बना देंगे। वहीं दरोगा ने उनका मोबाइल लेने और उन्हें लाकप में बंद करने के लिए सिपाही से कहा। जिसका विरोध जब उन्होंने किया तो दरोगा व सिपाही अभद्रता पर उतर आए और उनसे हांथापायी भी की। जिसके बाद मंडल अध्यक्ष किसी तरह थाने से निकले और मामले की जानकारी भाजपा जिलाध्यक्ष सौरभ मिश्रा को दी।
भाजपा जिला अध्यक्ष सौरभ मिश्र ने बताया कि उन्होंने एसपी राजेश द्विवेदी से बात की है और घटना की जानकारी देते हुए उक्त पुलिसकर्मियों पर कठोर कार्रवाई करने को कहा है। भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि कुछ सरकारी कर्मचारी सपा बसपा की सरकार बनवा रहे थे और अभी भी उसी मानसिकता के साथ कार्य कर रहे हैं और भाजपा कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर ऐसे कर्मचारियों ने अपनी कार्यशैली में सुधार नहीं किया तो विभागीय तौर पर उन्हें सुधारा जायगा।