बिरयानी में लेग पीस की लड़ाई में उड़ गईं कुर्सियां, बाराती-घराती आमने-सामने, जमकर हुई मारपीट; Video Viral

punjabkesari.in Monday, Mar 30, 2026 - 01:30 PM (IST)

अमरोहा : उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में एक शादी समारोह अचानक अफरा-तफरी में बदल गया, जब मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते उग्र झड़प का रूप ले लिया। कुछ ही पलों में जश्न का माहौल तनाव और डर में बदल गया, जहां लोग एक-दूसरे पर हमला करते नजर आए। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल रहा है।

जानकारी के मुताबिक, एक बैंक्विट हॉल में आयोजित शादी समारोह में बारात पहुंचने के बाद सब कुछ सामान्य ढंग से चल रहा था। संगीत, हंसी-मजाक और रस्मों के बीच माहौल पूरी तरह उत्सवी था। लेकिन जैसे ही मेहमानों के लिए भोजन परोसा जाने लगा, उसी दौरान एक छोटी सी बात पर विवाद शुरू हो गया।

बिरयानी में लेग पीस को लेकर विवाद 
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, खाने में परोसी गई बिरयानी में लेग पीस को लेकर कुछ लोगों के बीच बहस हुई, जो धीरे-धीरे बढ़ती गई। पहले हल्की नोकझोंक के रूप में शुरू हुआ विवाद अचानक आक्रामक हो गया और कुछ लोगों ने धैर्य खोते हुए मारपीट शुरू कर दी। स्थिति जल्द ही नियंत्रण से बाहर हो गई। गुस्साए लोगों ने हॉल में रखी कुर्सियों को उठाकर एक-दूसरे पर फेंकना शुरू कर दिया। मौके पर मौजूद महिलाएं और बच्चे डर के मारे इधर-उधर भागने लगे, जिससे भगदड़ जैसे हालात बन गए। पूरा हॉल कुछ ही मिनटों में अराजकता का केंद्र बन गया।

घटना का वीडियो मोबाइल में रिकॉर्ड 
घटना के दौरान मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम को अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जिसमें साफ तौर पर झगड़ा और हंगामा दिखाई दे रहा है। यही वीडियो अब वायरल हो रहा है और चर्चा का विषय बना हुआ है। हैरानी की बात यह है कि इतनी बड़ी घटना के बावजूद दोनों पक्षों की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। स्थानीय स्तर पर लोग इस घटना की चर्चा कर रहे हैं, लेकिन खुलकर कोई बोलने को तैयार नहीं है।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में किया। हालांकि पुलिस के पहुंचने तक झगड़ा काफी हद तक शांत हो चुका था। अधिकारियों ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने साफ कहा है कि किसी भी परिस्थिति में कानून को हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Purnima Singh

Related News

static