इकलौती बहन को भाई ने कुल्हाड़ी से काट डाला, बोला- प्रेमी से करती थी रात भर बात
punjabkesari.in Saturday, Aug 26, 2023 - 03:27 PM (IST)

कौशांबी: उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है जहां पर दो सगे भाइयों ने अपनी बहन को कुल्हाड़ी से काट डाला। बताया जा रहा है कि बहन का सिर्फ इतना दोष था कि वह किसी गैर बिरादरी लड़के से प्यार करती थी। जब इस बात की जानकारी भाईयों को लगी तो उन्होंने इसका विरोध किया। प्रेमी के प्यार में पागल बहन भाई से छिपकर प्रेमी से बात करती थी। बीती रात भी बात कर रही थी इसे लेकर भाई बहन में कहा सुनी हो गई। गुस्साए भाई ने बहन को कुल्हाड़ी से काट डाला। उसके बाद खुद ही थाने जाकर हत्या की जानकारी दी। यह सुनकर पुलिस के होश उड़ गए। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने आरोपी को पकड़ लिया।
थाना सराय अकिल क्षेत्र में एक लड़की को उसके पिता व भाइयों द्वारा गांव के ही एक युवक से मोबाइल पर बात करने की वजह से कुल्हाड़ी से मारकर हत्या कर दी गई। आरोपियों को तत्काल हिरासत में लेकर नियमानुसार विधिक कार्यवाही की जा रही है। इस संबंध में #SP_कौशांबी द्वारा दी गई बाइट।#UPPolice pic.twitter.com/VR4OVYk9zP
— KAUSHAMBI POLICE (@kaushambipolice) August 26, 2023
गैर बिरादरी लड़के से किशोरी का चल रहा था प्रेम प्रसंग
जाकारी के मुताबिक मामला सराय अकिल थाने क्षेत्र के एक गांव की है। जहां पर पटेल बिरादरी की 15 वर्षीय एक किशोरी का प्रेम प्रसंग गांव के ही एक धोबी बिरादरी के लड़के से चल रहा था। दोनों छिपकर मिलते थे और फोन पर बातचीत करते थे। इसकी जानकारी जब परिजनों को हुई तो घर वालों ने किशोरी को दिल्ली में रहने वाले उसके चाचा के यहां भेज दिया था। लेकिन कुछ दिन के बाद ही किशोरी अपने चाचा के साथ गांव वापस आई थी। उसके बाद अपने प्रेमी से बात कर रही थी। इस दौरान भाई ने देख लिया। जिसके बाद दोनो भाईयों ने उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद रात में अंतिम संस्कार की थी तैयारी
बताया जा रहा है कि हत्या की घटना को अंजाम देने के बाद गुपचुप तरीके से अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही थी। लेकिन आरोपी भाई ने खुद ही घटना की जानकारी थाने पहुंच कर दी। पुलिस चौकी से तत्काल पुलिसकर्मी रात में ही मौके पर पहुंच गए। जिस कमरे में शव को रखा गया था। उसमें काफी अंधेरा था। मौके पर डॉग स्क्वॉयड और फोरेंसिक टीम को भी बुला लिया गया। फिलहाल आरोपी किशोर को हिरासत में ले लिया गया है। घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी को पुलिस ने बरामद कर लिया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया जाएगा। विधिक कार्रवाई के बाद आरोपी भाई के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।